Sunday 30 September 2018

पीयू के विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को किया जागरूक

महात्मा गांधी के विचारों से रूबरू हुए ग्रामीण

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आगामी 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय  परिसर के स्वयंसेवक सेविकाओं  द्वारा रविवार को जासोपुर गांव में  ग्रामीण जागरूकता अभियान चलाया गया।
कुलपति प्रो डॉ राजाराम यादव के निर्देश पर इस अभियान में स्वयं सेवक सेविकाओं ने नुक्कड़ नाटक और गीत के माध्यम से ग्रामीणों को  स्वच्छता, सामाजिक समरसता, शांति और सद्भाव का संदेश दिया।
जागरूकता अभियान के लिए विश्वविद्यालय परिसर से विद्यार्थी रैली निकालकर जासोपुर पहुचें। जहॉ बड़ी संख्या में बच्चों और महिलाओं से संवाद किया गया। 
कार्यक्रम में फार्मेसी संस्थान की शिक्षिका डॉ झांसी मिश्रा ने कहा कि बच्चों की स्वच्छता में सबसे बड़ा योगदान मां का है । उन्हें हाथ धुलवा कर खाना खिलाना चाहिए। डॉक्टर झांसी मिश्रा ने  गंदगी से होने वाली बीमारियों के बारे में भी बताया। गांव की महिलाओं ने भी अपनी बात रखी।  डॉ संजय श्रीवास्तव  ने कहा घर के साथ ही मन को भी स्वच्छ रखना चाहिए।
ग्राम प्रधान राम बुजारत ने स्वयं सेवक सेविकाओं को ग्रामीण जागरूकता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ विनय कुमार वर्मा ने किया। इस कार्यक्रम में  डॉ आलोक दास, नीरज श्रीवास्तव,  शील निधि सिंह, मोहम्मद इमरान, जगदम्बा यादव,  राजन गुप्ता, सुनील, अजय, यशस्वी साहू, प्रकाश, नीरज सिंह, आशीष कुमार, सत्यम यादव, शिल्पा समेत तमाम छात्र-छात्राएँ व ग्रामीण मौजूद रहे।

Saturday 29 September 2018

सर्जिकल स्ट्राइक-डे के अवसर पर भारतीय सशस्त्र सेनाः संगठन एवं गतिविधियां विषय पर संगोष्ठी


विश्ववि्दयालय के महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन  में शनिवार को सर्जिकल स्ट्राइक-डे के अवसर पर भारतीय सशस्त्र सेनाः संगठन एवं गतिविधियां विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह आयोजन वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय एवं सहकारी पी.जी.कालेज मिहरावां के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

संगोष्ठी में सहकारी पी.जी.कालेज मिहरावां के प्राचार्य  मेजर डा. सत्येंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारत  पाकिस्तान के परमाणु बम से नहीं डरता वह सहमता है तो अपने देश की बड़ी आबादी के क्षति होने से। उन्होंने इजराइल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां का सात साल का बच्चा भी यह जानता है कि उसकी देश के सेना के पास कौन-कौन से हथियार हैं मगर दुख इस बात का है कि हमारे यहां की 70 प्रतिशत से अधिक की आबादी सेना के संगठन और गतिविधियों से अपरचित है। उन्होंने सेना के सेक्शन इकाई से लेकर कमान तक के पूरे सांगठनिक ढांचे उनके पद और ड्रेस के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने कहा कि आज सेना के जवानों के आत्मविश्वास से हमें सीख लेने की जरूरत है। विपरीत परिस्थितियों में वह सीमा पर रात में रखवाली करते हैं जिससे हम चैन से रह पाते  हैं।  उन्होंने कहा कि देश की सीमा पर शहीद होने वालों में भी जौनपुर के लोग पीछे नहीं हैं हम उनकी शहादत को भी भुला नहीं सकते। समारोह में पूर्व सैनिक कमलेश राय, जी.एन. दुबे, के.के. दुबे, जितेंद्र बहादुर यादव को अंगवस्त्रम और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में एनएसएस के समन्वयक  राकेश यादव ने कहा कि देश ने सर्जिकल स्ट्राइक करके बता दिया कि अगर हम बुद्ध, महावीर और गांधी जैसे महापुरुषों के आदर्श शांति और अहिंसा के अनुयायी है तो हम आंख दिखाने वालों को उसकी भाषा में भी जवाब देना जानते हैं।

विशिष्ट अतिथि राजीव कुमार सिंह ने कहा कि आज समाज के हर क्षेत्र में सर्जिकल स्ट्राइक की जरूरत महसूस की जा रही है।  प्रबंध संकायाध्यक्ष प्रो बी.डी. शर्मा ने कहा हमें प्रबल राष्ट्र बनाने के लिए मानव-मानव के बीच भेदभाव को भुलाना होगा। समारोह का संचालन छात्र अधिष्ठाता प्रो. अजय द्विवेदी  ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कैडेड कोर के गीत हम  भारतीय है ने जोश भर दिया।  इस अवसर पर सहकारी इंटर कालेज की छात्रा दिव्या कुमारी ने देशभक्ति के गीत ये मेरे वतन के लोगों...सुनाया। कार्यक्रम में प्रो.अजय प्रताप सिंह, प्रो. वंदना राय, प्रो.रामनारायण, प्रो. राजेश शर्मा, डा. संतोष कुमार, डा. राजकुमार सोनी, डॉ नीरज सिंह, डॉ राजबहादुर यादव,  डॉ रविकांत सिंह, डा. एसपी तिवारी, डा. दिग्विजय सिंह राठौर,डा. सुनील कुमार, डा. अवध बिहारी सिंह, डा. अमरेंद्र सिंह, डा. मनीष गुप्ता,डॉ नृपेंद्र सिंह, डा. संजय श्रीवास्तव,  आदि लोग मौजूद थे।

Tuesday 25 September 2018

पीयू में दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई


विश्वविद्यालय के संकाय भवन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मंगलवार को जयंती मनाई गई।  इस अवसर पर वित्त अधिकारी एम के सिंह ने पंडित उपाध्याय की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

संकाय भवन के  कांफ्रेंस  हॉल में गोष्ठी का आयोजन किया गया।  दीनदयाल उपाध्याय शोध  पीठ के अध्यक्ष  प्रोफेसर मानस पांडे ने कहा की राष्ट्र को पंडित जी ने जीव के  रूप में माना था।  उनका  मानना था कि राष्ट्र भी शरीर, मन, आत्मा और बुद्धि से ही चलता है।  इसका समन्वय  ही मानव  एकात्मवाद कहलाता है।  देश के विकास में पूंजीवाद और साम्यवाद की अवधारणा से हटकर पंडित दीनदयाल जी का दर्शन ही उपयुक्त है  वंचितों को भी मुख्यधारा से जोड़ता है।   मानव संसाधन विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर अविनाश पाथर्डीकर  ने कहा कि सतत  विकास की अवधारणा ही मानव एकात्मवाद  का मूल मंत्र है। गोष्ठी   संचालन प्रोफेसर अजय द्विवेदी  ने किया। इस अवसर पर  प्रोफेसर बीडी शर्मा, डॉ मनोज मिश्र, डॉ सुरजीत यादव, , डॉ  दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ आशुतोष सिंह, डॉ  अवध बिहारी सिंह,  डॉ सुनील कुमार, डॉ मनोज पांडे नितिन चौहान समेत विद्यार्थी उपस्थित रहे।




Saturday 22 September 2018

विश्वविद्यालय दे रोजगारपरक शिक्षा - दिनेश शर्मा

विश्वविद्यालय दे रोजगारपरक शिक्षा   - दिनेश शर्मा
समसामयिक परिदृश्य में एकात्म मानववाद विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी  
विश्वविद्यालय  में हुआ पं.दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का  अनावरण

पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के महंत अवैद्यनाथ  संगोष्ठी भवन में शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ की ओर से  समसामयिक परिदृश्य में एकात्म मानववाद विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।  इस अवसर पर उप्र के उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षामंत्री प्रो दिनेश शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि विश्वविद्यालय रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करें ताकि विद्यार्थियों को नौकरी का संकट न हो। इसी चलते पूरे प्रदेश के विश्वविद्यालयों में पं दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ की स्थापना की जा रही है, क्योंकि पंडितजी का भी यही मकसद था। उन्होंने कहा कि  प्रदेश में शिक्षकों की स्थाई रूप से नियुक्ति की गई ताकि पठन-पाठन गुणवत्तापूर्ण हो सके। उन्होंने कहा कि जब पढ़ाई होगी तभी नकल नहीं होगी  इसलिए इस पर जोर दिया गया है।
 उन्होंने पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षा के क्षेत्र में नए कोर्स खोलने की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसने कई सराहनीय कार्य किए है इसलिए मैं हर सँभव मदद विश्वविद्यालय को देने की कोशिश करूंगा। उन्होंने शोध पर कहा कि शोध कम हो कोई बात नहीं लेकिन वह स्तरीय हो। साथ ही शोधगंगा पर अपलोड किये जाये।  उन्होंने कहा कि पुराना  भवन तो  चल सकता है मगर शिक्षा की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि विदेशी भाषा के पाठ्यक्रम को पूर्वांचल विश्वविद्यालय लागू करे, सरकार हर संभव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि यह हमारी नीति है सबका साथ सबका विकास। इस शब्द को सबसे पहले पंडित दीनदयाल जी ने ही कहा था। 

विशिष्ट अतिथि अरुन्धती वशिष्ठ अनुसंधान पीठ के राष्ट्रीय संयोजक डा चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा हमारा राष्ट्र दैवीय है हमें अपनी प्राचीन परंपराओं को युवाओं के अनुकूल प्रयोग करना होगा। हमें अपने राष्ट्र की मूल प्रवृत्ति पर विचार करना होगा। उन्होंने मानव एकात्मवाद को विस्तारपूर्वक समझाते हुए कहा कि हमें  देश की नीति बनाते समय शरीर, मन, बुद्धि, आत्मा चारों  का ध्यान रखना चाहिए, तभी व्यक्ति और देश का विकास संभव है।

विशिष्ट अतिथि नगर विकास राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ संस्थान के पाठ्यक्रम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के नए  पाठ्यक्रम से पूर्वांचल परिक्षेत्र लाभान्वित होगा। 
कुलपति प्रो डा. राजाराम यादव ने मुख्य अतिथि का स्वागत भाषण करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री के स्नेह से यह विश्वविद्यालय हमेशा प्रगतिपथ पर अग्रसर है। विश्वविद्यालय में इस बार नव प्रवेशित विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी  हैं। 1500 विद्यार्थियों को शोध में प्रवेश हुआ। बेसिक साइंस के पाठ्यक्रम को शुरू किया गया । साथ ही 735 विद्यार्थियों का देश की विभिन्न कंपनियों में प्लेसमेंट कराया। कुलपति प्रो. राजाराम यादव ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, सांसद और विधायकों को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न भेंट किया। इसके पूर्व शोध पीठ के अध्यक्ष प्रो. मानस पांडेय ने मुख्य अतिथि, संयोजक डा राजकुमार एवं सहसंयोजक डा. संतोष कुमार ने दोनों विशिष्ट अतिथि का संक्षिप्त परिचय कराया। इस अवसर पर मछलीशहर के सांसद रामचरित्तर निषाद, जफराबाद के विधायक डा. हरेन्द्र सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिन्सू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय मंचस्थ रहे। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलन एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और कुलगीत प्रस्तुत किया । समारोह का संचालन जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डा. मनोज मिश्र और धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने किया।  इस अवसर पर वित्त अधिकारी एमके सिंह , पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, बाकेलाल सोनकर, प्रो. बीबी तिवारी,प्रो. रंजना प्रकाश ,प्रो हरी प्रकाश डॉ कृष्णदत्त समाधिया ,  प्रो. अविनाश पार्थीडिकर, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. अजय द्विवेदी , प्रो. अशोक कुमार  श्रीवास्तव, प्रो. रामनारायण, प्रो. वंदना राय, श्रीमती  कमला सिंह, प्रबंधक अशोक कुमार सिंह, पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह, भाजपा नेता शमशेर सिंह, संदीप तिवारी ,हरिशचंद्र सिंह, ईश्वरदेव सिंह, राजेश श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव , विनय कुमार सिंह , शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. राजीव प्रकाश सिंह, डॉ देवेंद्र सिंह ,डा. समर बहादुर सिंह, महामंत्री डा. विजय कुमार सिंह, , प्राचार्य विनोद कुमार सिंह, डा. वीरेन्द्र बिक्रम यादव, डा. मेजर सत्येंद्र प्रताप सिंह, डॉ लालजी त्रिपाठी ,डॉ यूपी सिंह ,डॉ विजय प्रताप तिवारी ,डा. राकेश यादव, डा. अजय दुबे, डॉ अनुराग मिश्रा ,डॉ देवेश उपाध्याय ,सुरेंद्र त्रिपाठी , डा. संदीप सिंह,डॉ प्रदीप कुमार, डॉ मनीष गुप्ता , डा. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ अमरेंद्र सिंह ,डॉ महेंद्र यादव ,डा. अवध बिहारी सिंह, डा. सुनील कुमार, डा. आशुतोष सिंह, डॉ प्रवीण सिंह ,डा. रूश्दा आजमी,डॉ जान्हवी श्रीवास्तव , अन्नू त्यागी ,डॉ केएस  तोमर , अमलदार यादव , स्वतंत्र कुमार , डॉ संजय श्रीवास्तव, डॉ पीके  कौशिक , अशोक सिंह ,रजनीश सिंह  आदि उपस्थित थे।    

मूर्ति का किया  अनावरण

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ में स्थापित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति का अनावरण प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रोफेसर दिनेश शर्मा ने किया। उन्होंने मूर्ति अनावरण के बाद हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ निश्चित तौर पर शोध को एक नई दिशा देगी। उच्च शिक्षा मंत्री के साथ कुलपति प्रोफेसर डॉ राजा राम यादव, नगर विकास मंत्री गिरीश चंद्र यादव, सांसद राम चरित्तर निषाद, डॉ चंद्र प्रकाश सिंह,कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल, भाजपा अध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय, प्रो मानस पांडेय, प्रो अजय द्विवेदी, डॉ राजकुमार, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ आशुतोष सिंह, डॉ अवध बिहारी सिंह,डॉ मनोज पांडेय  समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

हैलीपैड पर कुलपति ने किया स्वागत

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में कुलपति प्रो. डा. राजाराम यादव ने उपमुख्यमंत्री प्रो. दिनेश शर्मा को बुके देकर स्वागत किया। पुलिस के जवानों ने  उन्हें गार्ड आफ आनर दिया । 

32  प्रतिभागियों ने किया शोध पत्र एवं पोस्टर प्रस्तुतीकरण 

 विश्वविद्यालय के फार्मेसी संस्थान के सभागार में संगोष्ठी‘समसामयिक परिदृश्य में एकात्म मानववाद’  के द्वितीय सत्र में    शोध पत्र प्रस्तुति करण और पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें 32  प्रतिभागियों  ने भाग लिया। पोस्टर प्रतियोगिता में  सलोनी सिंह, सुप्रिया श्रीवास्तव, अंबिका सिंह प्रथम, देवेश सिंह, आरती उपाध्याय एवं  ईलू को द्वितीय , कुलबुल और जिया को तृतीय पुरस्कार मिला। पोस्टर प्रतियोगता के निर्णायक मंडल में  डा. चंद्रप्रकाश सिंह, डा. संतोष कुमार और डा. सुशील सिंह रहे। संगोष्ठी के   द्वितीय सत्र का  संयोजन   डा. मुराद अली , डा. सुधीर उपाध्याय और शैलेश प्रजापति ने किया। 

Wednesday 19 September 2018

इंजीनियरिंग संस्थान में बौद्धिक संपदा अधिकार एवं प्लेगेरिज्म पर फैकल्टी डेवलपमेन्ट प्रोग्राम


उमानाथ सिंह अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में टेकिप-३ के अन्तर्गत  बौद्धिक संपदा अधिकार एवं प्लेगेरिज्म विषयक पांच दिवसीय फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजन  20 से 24 सितंबर  तक होगा।  कार्यक्रम में ट्रिपल आईटी इलाहाबाद के भूतपूर्व प्रोफेसर आर सी त्रिपाठी और डॉ ए के पांडे द्वारा  व्याख्यान दिया  जाएंगा।  कोऑर्डिनेटर प्रोफेसर बी बी तिवारी ने बताया कि  इसमें इंजीनियरिंग संस्थान के समस्त शिक्षक प्रतिभाग करेंगे।   इस कार्यशाला में वर्तमान प्रतिस्पर्धा युग में आई पी आर   एवं उसके  योगदान, विभिन्न प्रकार के आई पी आर उनके महत्व एवं सार्वभौमिक ज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में उसके योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा। पुस्तक शोध पत्र लेखन, कविता ,शिल्प, कंप्यूटर सॉफ्टवेयर एवं कला प्रदर्शन इत्यादि  के लिए कॉपीराइट प्राप्त किए जाने के गुण सिखाए जाएंगे | डिजिटलीकरण के युग में कॉपीराइट एवं इंडस्ट्रियल डिजाइन बनाम कॉपीराइट पर व्याख्या होगी |

रोजगार क्षमता को  मापने के लिए हुई परीक्षा 

विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संकाय में इंजीनियरिंग के  विद्यार्थियों  के  रोजगार क्षमता को  मापने के लिए 
टेस्ट का आयोजन किया गया। इस टेस्ट का आयोजन  एस्पायरिंग माइंड (ऍम कैट) एवं एन०पी०आई०यू० भारत सरकार के सौजन्य से टेकिप-3 प्रोग्राम के अंतर्गत किया गया। एस्पायरिंग माइंड  के कोऑर्डिनेटर मोहित ने विश्वविद्यालय के अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में छात्र-छात्राओं को टेस्ट से सम्बंधित दिशा निर्देश दिये I इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एव  इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी के छात्रों का २ घंटे का टेस्ट हुआ I जिसमें  फिजिक्स, गणित व डिपार्टमेंट के विषयों के प्रश्न के साथ ही मानसिक दक्षता के प्रश्न पूछे गए  I ये टेस्ट टेकनिकल एजुकेशन क्वालिटी इम्प्रूवमेंट प्रोग्राम-III में चयनित हुए देश के सभी अग्रणी संस्थानों में होना है I  प्रथम बार पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने इसका आयोजन किया।   इस टेस्ट का उद्देश्य अपने संसथान में  इंजीनियरिंग की पढाई करने वाले छात्रो में रोजगार की क्षमता को मापना एव बढ़ाना है I परीक्षा 5  दिनों तक चलेगी जिसमें  इंजीनियरिंग के सभी वर्ष के विद्यार्थी भाग लेंगे। इसके लिए  नोडल अधिकारी डॉ रजनीश भास्कर एवं डा०सत्यम उपाध्याय को इस टेस्ट का कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है।  

Tuesday 18 September 2018

पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ स्थापना समारोह का आयोजन 22 सितम्बर को


                                                                        पीयू में आएंगे उप मुख्यमंत्री 
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय  में  पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ  स्थापना  समारोह का आयोजन 22 सितम्बर को किया गया है। संकाय भवन में स्थापित शोधपीठ में  पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति का अनावरण भी होगा। इसके साथ ही  इस अवसर पर  समसामयिक परिदृश्य  में एकात्म मानववाद विषयक एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी  का आयोजन  महंत  अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में किया गया है। 
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रो दिनेश शर्मा होंगे। नगर विकास राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव एवं  अरुंधति वशिष्ठ अनुसन्धान पीठ के राष्ट्रीय संयोजक डॉ चंद्र प्रकाश सिंह कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि भाग लेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कुलपति प्रो डॉ राजा राम यादव ने शिक्षकों कर्मचारियों  को जिम्मेदारी सौंपी है। मीडिया प्रभारी डॉ मनोज मिश्र ने बताया कि जो शिक्षक व विद्यार्थी पोस्टर के माध्यम से अपने शोध का प्रस्तुतीकरण कर सकते है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रो मानस पांडेय को अध्यक्ष, डॉ राज कुमार सोनी को संयोजक एवं डॉ सन्तोष कुमार को सह संयोजक  बनाया गया है।

Friday 14 September 2018

जनमानस को एक सूत्र में पिरो सकती है हिंदी भाषा


विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग द्वारा हिंदी दिवस के अवसर पर संकाय भवन के कांफ्रेंस हाल में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ मनोज मिश्र ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के इस युग में हिंदी के प्रति युवा पीढ़ी का लगाव कम होना दुखद है। भारत मेंं आम जनमानस को अगर एक सूत्र में कोई भाषा पिरो सकती है तो वह हिंदी भाषा है।
डॉ अवध बिहारी सिंह ने कहा कि  अन्य भाषाओं की पुस्तकों का हिंदी में बड़े स्तर पर अनुवाद नहीं हो रहा है जिससे दूसरे भाषा का ज्ञान हिंदी भाषियों को सही तरीके से नहीं मिल पा रहा है। अनुवादकों की एक नई फौज तैयार करने की आवश्यकता है।
डॉ सुनील कुमार ने कहा कि हिंदी हमें जोड़ना सिखाती है अंग्रेजी को हम अपने साथ जोड़कर ही हिंदी का विकास कर सकते हैं।
जनसंचार विभाग के शिक्षक डॉ दिग्विजय सिंह राठौर में कि आज विश्व के तमाम विश्वविद्यालयों में हिंदी की पढ़ाई हो रही है। इंटरनेट में हिंदी को वैश्विक ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
संचालन छात्र प्रभात शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रतीक पांडे, सुरेश यादव, संदीप कुमार चौहान, बलराम यादव, राहुल गुप्ता एवं उपेंद्र पांडे ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

बीए एलएल.- बी. (आनर्स) पंचवर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रारम्भ


              पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शुरू हुआ  नया पाठ्यक्रम 
     30 सितम्बर तक  आवेदन की अंतिम तिथि  

 पूर्वान्चल विश्वविद्यालय, जौनपुर  परिसर में बीए एलएल.-बी. (आनर्स) पंचवर्षीय एकीकृत  पाठ्यक्रम  (इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम) सत्र 2018-19 में सीधे प्रवेश की प्रक्रिया प्रारम्भ की गयी है।  इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से फॉर्म डाउनलोड कर 30 सितम्बर तक प्रवेश ले सकते है। प्रवेश के लिए  प्रवेश   सेल में अपने  समस्त शैक्षिक मूल प्रमाण-पत्रों की स्वप्रमाणित छायाप्रति, दो रंगीन पासपोर्ट  साईज के  फोटोग्राफ एवं  सामान्य व पिछड़े वर्ग के लिए दो सौ रूपये एवं अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए  एक सौ पचास रूपए विश्वविद्यालय कोष  में  जमा करना होगा। यह धनराशि  वित्त अधिकारी के नाम बने डिमांड ड्राफ्ट के साथ  भी फार्म जमा कर सकते है। प्रवेश के लिए फॉर्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है।  किसी भी कार्य दिवस में दिनांक 30 सितम्बर तक सुबह दस  बजे  से सायं पांच  बजे के  बीच प्रवेश सेल में  प्रवेश फार्म भरकर प्रवेश ले सकते  है।
पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए विद्यार्थी को   इण्टरमीडिएट उत्तीर्ण होना चाहिए। वहीं  अनारक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत   अन्य पिछड़ा वर्ग हेत 42  प्रतिशत   एवं अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति वर्ग  हेत  40 प्रतिशत अंक  निर्धारित है। 
स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थी भी इस पाठ्यक्रम में  प्रवेश ले  सकते है। पहले आने वाले  विद्यार्थियों को पहले प्रवेश दिया जायेगा। पाठ्यक्रम का प्रति सेमेस्टर शिक्षण शुल्क बीस हजार रूपये निर्धारित किया गया है। प्रवेश सम्बंधित समस्त  जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।  

Thursday 13 September 2018

स्व उमानाथ सिंह को किया नमन

स्वर्गीय उमानाथ सिंह की पुण्यतिथि पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर के  उमानाथ सिंह अभियांत्रिकी संस्थान में स्थित  उनकी प्रतिमा  पर पुष्प अर्पित कर कुलपति प्रो डॉ राजाराम यादव एवं सांसद के पी सिंह ने उन्हें नमन किया.
इस अवसर पर प्रोफेसर बीबी  तिवारी, कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल, वित्त अधिकारी एमके सिंह, प्रो ए के श्रीवास्तव, डॉ मनोज मिश्र, डॉ संदीप सिंह, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

Tuesday 11 September 2018

स्वामी विवेकानंद के चरित्र को आत्मसात करें विद्यार्थी - कुलपति


विश्व धर्म सम्मेलन शिकागो में दिए संबोधन की 125वीं वर्षगांठ  पर हुआ कार्यक्रम  

विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद का विश्व धर्म सम्मेलन शिकागो में दिए संबोधन की 125वीं वर्षगांठ पर जनसंचार विभाग में विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इसके पूर्व सरस्वती सदन में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डॉ राजाराम यादव ने अनुप्रयुक्त सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी संकाय के विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद पर केंद्रित पुस्तक व्यक्तित्व का विकास वितरित किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद आज से 125 वर्ष पूर्व विश्वबंधुत्व की छवि को पूरे विश्व के सामने प्रस्तुत किया था। विद्यार्थियों को स्वामी जी के चरित्र को आत्मसात करना चाहिए। 
संकाय अध्यक्ष डॉ मनोज मिश्र ने कहा कि स्वामी विवेकानंद हर युवा के लिए प्रेरणा स्रोत हैं. शिकागो संबोधन से स्वामी जी ने पूरे दुनिया के लोगों को अपना मुरीद बना लिया। आज के दौर में स्वामी जी द्वारा कही गई बातें उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उस समय थीं.

जनसंचार विभाग के शिक्षक डॉ सुनील कुमार ने स्वामी विवेकानंद के कृतित्व व व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के संयोजक डॉ दिग्विजय सिंह राठौर ने विद्यार्थियों को स्वामी जी के शिकागो में दिए संबोधन की पढ़ कर सुनाया। विचार गोष्ठी में आदित्य, सौम्या, महेंद्र, बलराम एवं सुरेश ने भी अपने विचार व्यक्त किये। विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने माल्यार्पण किया।कार्यक्रम में वित्त अधिकारी एम के सिंह, प्रो मानस पांडेय, डॉ के एस तोमर, डॉ जान्हवी श्रीवास्तव, अन्नू त्यागी, डॉ मनोज पांडेय आदि मौजूद रहे।

Monday 10 September 2018

वाद- विवाद प्रतियोगिता में पूजा प्रथम, अमन द्वितीय


विश्वविद्यालय के संकाय भवन स्थित कांफ्रेंस हाल  में सोमवार को 'सोशल मीडिया देश के युवाओं  के लिए वरदान से ज्यादा अभिशाप साबित हो रहा है' विषयक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में हेमवंती नंदन बहुगुणा स्मृति  समिति एवं लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा 18 सितंबर को होने वाले अंतरविश्वविद्यालयीय वाद विवाद के लिए 02 विद्यार्थियों का चयन किया गया। वाद विवाद प्रतियोगिता में टीडी  कॉलेज  की छात्रा पूजा शुक्ला ने प्रथम एवं बीटेक कंप्यूटर साइंस के छात्र अमन कुमार गुप्ता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया का  युवाओं के व्यवहार, विचार, मनोरंजन, सामाजिक- पारिवारिक संबंधों पर पड़ने वाले प्रभावों के विविध आयामों पर अपनी बात रखी। विद्यार्थियों द्वारा जहाँ सोशल मीडिया से  दूर के लोगों से आत्मीयता और पास के लोगों से बढ़ती दूरी पर सवाल उठाएं वहीं कुछ ने सोशल मीडिया को युवाओं के लाभकारी तो कुछ ने विनाशकारी बताया।   
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर अजय द्विवेदी ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने  सोशल मीडिया और युवा विषय के विभिन्न आयामों पर अपनी बात रखी। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में टीडी पीजी कॉलेज के डॉ अजय दुबे, डॉ सौरभ पाल एवं  डॉ सुनील कुमार शामिल रहे। विषय प्रवर्तन जनसंचार विभाग के शिक्षक डॉ दिग्विजय सिंह राठौर ने किया। संचालन समन्वयक डॉ मनोज पांडे ने किया। इस अवसर पर डॉ जान्हवी श्रीवास्तव,अन्नू  त्यागी, डॉ मुनिंदर सिंह समेत विभिन्न विभागों के विद्यार्थी गण मौजूद रहें।

Saturday 8 September 2018

त्यौहार प्रदूषण के लिए नहीं, खुशियों के लिए मनाएं -प्रोफेसर अर्चना


विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग के द्वारा संकाय  भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में उत्सव एवं प्रदूषण विषयक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। बतौर वक्ता अंबेडकर महाविद्यालय  दीक्षाभूमि, नागपुर की प्रोफेसर अर्चना मेश्राम  ने कहा कि त्योहारों को खुशियों के लिए मनाएं न कि प्रदूषण फैलाने के लिए।  अगली  पीढ़ी को साफ सुथरा पर्यावरण देना हमारा कर्तव्य है। हमारे देश में दीपावली के समय वायु प्रदूषण और और मूर्ति विसर्जन के कारण जल प्रदूषण की समस्या बड़े स्तर पर सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि पटाखे अशांति फैलाने के साथ तमाम प्रकार के रोगों का कारण बनते जा रहे हैं।  
उन्होंने कहा कि  त्यौहारों की उत्पत्ति  बहुत ही सात्विक तरीके से मनाये  जाने की सुनिश्चितता  थी । जिसमें मानवता  एवं प्रज्ञा शीलता की प्रधानता थी  परंतु  पाश्चात्य दर्शन के कारण  भारत जैसे देश में विभिन्न तरह की कुरीतियों का प्रादुर्भाव सहज देखने को मिल रहा है जिसमें त्यौहार की वास्तविकता अपने मूल रूप से परे हो गई है।  मंदिरों की घंटियां, अनेक वृक्षों का संरक्षण,अनेक नदियों का संरक्षण , हमारे त्यौहार की प्रमुखता रही है।  अपभ्रंश त्यौहार से  ध्वनि प्रदूषण  वायु प्रदूषण जल प्रदूषण मृदा प्रदूषण जैसी चीजों का सामना करना पड़  रहा है।  

उन्होंने महाराष्ट्र की सती व्रत कथा का उल्लेख करते हुए चिंता जाहिर की पहले महिलाएं बरगद के पेड़ को रक्षा बांधती  थी। आज बरगद की टहनियों को घरों में ले जाकर लोग पूजा कर रहीं  है।  स्वागत विज्ञान संकाय की अध्यक्ष प्रो वंदना राय एवं धन्यवाद डॉ सुधीर उपाध्याय ने व्यक्त किया।  इस अवसर पर प्रोफेसर विलासराव तभाने, डॉ प्रदीप कुमार, डॉ सुधांशु यादव, डॉ प्रभाकर समेत विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ0  विवेक कुमार पांडेय ने किया।

Friday 7 September 2018

एनएसएस से कर सकते है सामाजिक परिवर्तन - कुलपति

 
कार्यक्रम अधिकारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 


जौनपुर. वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में शुक्रवार  को राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। 
उद्घाटन सत्र में कुलपति प्रोफेसर डॉ  राजाराम यादव ने कार्यक्रम अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से हम सामाजिक परिवर्तन ला सकते हैं। हम अपने आस-पास के गांव का चित्र बदलने की क्षमता रखते हैं।  उन्होंने कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों की चर्चा पूरे देश में है।  राज्य संपर्क अधिकारी डॉक्टर अंशुमाली शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम अधिकारियों को स्मार्ट बनने की जरूरत है। अपने स्वयं सेवक सेविकाओं में ऊर्जा का संचार करते रहे। क्षेत्रीय निदेशक डॉ अशोक कुमार श्रोती  ने राष्ट्रीय सेवा योजना के विविध आयामों पर अपनी बात रखी। वहीं  पूर्व राज्य संपर्क अधिकारी डॉ एस बी सिंह ने इकाई गठन से लेकर कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से संचालित करने के गुर सिखाए। 
साक्षरता निकेतन लखनऊ के पूर्व समन्वयक धर्म सिंह ने कहा कि राष्ट्र कोई एक सीमित भूखंड नहीं है। राष्ट्र में रहने वालों से ही राष्ट्र है। उठो जागो और श्रेष्ठता को प्राप्त करो।राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक राकेश यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए एनएसएस की गतिविधियों को विस्तार पूर्वक बताया।इसके साथ ही अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर जनपद के महाविद्यालयों के 200 से अधिक कार्यक्रम अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। 
कार्यक्रम का संचालन  डॉ अजय विक्रम सिंह ने किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल, वित्त अधिकारी एन के सिंह, डॉ मनोज मिश्र,  युवा अधिकारी अयोध्या प्रसाद,प्रशिक्षक नवनीत वर्मा,अमन, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ उदयभान यादव  समेत तमाम कार्यक्रम अधिकारी मौजूद रहे।  

पांच वर्षीय बीए एलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश इसी सत्र से


पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में प्रारम्भ होगा पाठ्यक्रम 


विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित पांच  वर्षीय बीए एलएलबी पाठ्यक्रम की शुरुआत इसी सत्र  से प्रस्तावित है। पाठ्यक्रम  की मान्यता के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय का दौरा किया। बार काउंसिल ऑफ इंडिया की तरफ से गठित छ सदस्यीय टीम के  चेयरमैन मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्याय मूर्ति वीरेंद्र दत्त ध्यानी रहे। कुलपति प्रोफेसर डॉ राजाराम यादव ने समिति के सभी सदस्यों का विश्वविद्यालय की तरफ से  स्वागत किया। उन्होंने टीम के सदस्यों को विश्वविद्यालय से जुड़ी तमाम जानकारियां दी। समिति ने संकाय भवन स्थित विधि संकाय के एक- एक कक्ष का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए।इसके साथ ही विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय का अवलोकन किया। जहां पाठ्यक्रम से सम्बंधित पुस्तकों, शोध पत्रिकाओं आदि की जानकारी हासिल की। पाठ्यक्रम के समन्वयक  प्रोफेसर अजय प्रताप सिंह ने समिति के सदस्यों को आवश्यक जानकारी दी। बार कॉउन्सिल ऑफ़ इंडिया से मान्यता मिलने के बाद विश्वविद्यालय इसी सत्र से पांच  वर्षीय बीए एलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित करेगा। पाठ्यक्रम के लिए 120 सीटें प्रस्तावित है। 

इस अवसर पर कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल, वित्त अधिकारी एम के सिंह,  प्रो मानस पांडेय, प्रो अजय द्विवेदी,प्रो अशोक कुमार  श्रीवास्तव,  डॉ मनोज मिश्र, डॉ सुरजीत यादव, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ राज कुमार सोनी, डॉ के एस  तोमर, डॉ पुनीत धवन ,डॉ मनीष गुप्ता, डॉ मनोज पांडेय, संजय श्रीवास्तव,अशोक सिंह ,संजय शर्मा ,श्याम श्रीवास्तव,सुशील प्रजापति  समेत तमाम लोग मौजूद  रहे। 

Wednesday 5 September 2018

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस 

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न विभागों में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया।  भारत रत्न सर्वपल्ली राधाकृष्णन को शिक्षकों विद्यार्थियों ने नमन किया।
जनसंचार विभाग में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ परिसर में पौधरोपण किया। विभागाध्यक्ष डॉ मनोज मिश्र ने शिक्षक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि शिक्षकों का अस्तित्व ही विद्यार्थियों से है। विभाग के शिक्षक डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ  अवध बिहारी सिंह, डॉ रुश्दा आज़मी, डॉ सुनील कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। व्यावहारिक मनोविज्ञान विभाग अध्यक्ष प्रो अजय प्रताप सिंह ने भारत रत्न सर्वपल्ली राधाकृष्णन के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।संकाय भवन के कान्फ्रेंस हाल में बायो टेक्नोलॉजी विभाग के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संकाय अध्यक्ष प्रोफ़ेसर वंदना राय समेत विभाग के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। विभाग के विद्यार्थियों द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उमानाथ सिंह इंजीनियरिंग संस्थान एवं फार्मेसी संस्थान में भी विद्यार्थियों ने बड़े धूमधाम से शिक्षक दिवस मनाया। प्रो बी बी तिवारी ने इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विद्यार्थियों को सम्बोधित किया। फार्मेसी संस्थान में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह में स्वच्छता शपथ ग्रहण कराया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने केरला बाढ़ पीड़ितों के लिए धन एकत्रित भी किया। इंजीनियरिंग संकाय के अध्यक्ष प्रोफेसर ए के श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक एक मोमबत्ती के समान होता है जो पूरे समाज में रोशनी फैलाने का काम करता है। इस अवसर पर  डॉ राजकुमार, डॉ संतोष कुमार, डॉ अमरेंद्र सिंह, डॉ राजीव कुमार आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विनय वर्मा ने किया।