Friday, 8 August 2025

"हर घर तिरंगा" कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्व सैनिकों को छात्राओं ने बाँधी राखी


फार्मेसी संस्थान में मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के फार्मेसी संस्थान में “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत एक भावनात्मक और प्रेरणादायी कार्यक्रम फार्मेसी संस्थान में शुक्रवार को किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की छात्राओं ने पूर्व सैनिकों को राखी बांधकर उनके बलिदान और देशभक्ति के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों के योगदान को नमन करना और युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल बनाना था। छात्राओं ने रक्षा बंधन के पावन पर्व पर पूर्व सैनिकों के हाथों में राखी बांधकर यह संदेश दिया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान की डोर सदैव मजबूत रहेगी।

इस मौके पर डॉ. वनिता सिंह ने रक्षा बंधन की विशेषता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक नहीं, बल्कि यह विश्वास, सुरक्षा और एक-दूसरे के प्रति कर्तव्य का पर्व है। जब हम पूर्व सैनिकों को राखी बांधते हैं, तो हम उनके साहस, त्याग और राष्ट्र की रक्षा के संकल्प को प्रणाम करते हैं। यह परंपरा हमें याद दिलाती है कि हम सभी एक बड़े परिवार का हिस्सा हैं और हमारे सैनिक उस परिवार की सुरक्षा के प्रहरी हैं।”

कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने भी विश्वविद्यालय परिवार का धन्यवाद व्यक्त किया और युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें।

इस अवसर पर प्रो. राकेश यादव, डॉ. पूजा मिश्रा, डॉ जया शुक्ला, डॉ. अनुराग मिश्रा समेत विश्वविद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया। 

बलिदानियों की गाथा में है, देशभक्ति का जीवंत संदेश – प्रो. वंदना सिंह


काकोरी शताब्दी समारोह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सम्पन्न

 
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शुक्रवार को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक घटना काकोरी ट्रेन एक्शन के शताब्दी समारोह का समापन हुआ। 
समापन समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह ने कहा कि भारत की आज़ादी अनगिनत ज्ञात और अज्ञात शहीदों के बलिदान का परिणाम है। हम सभी का यह कर्तव्य है कि इस आज़ाद देश की रक्षा करें और इसके विकास में सक्रिय योगदान दें। कहा कि अमर बलिदानियों की गाथा सिर्फ इतिहास नहीं, बल्कि देशभक्ति का जीवंत संदेश है।
उन्होंने पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान एवं राजेंद्र लाहिड़ी जैसे काकोरी के वीर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।कुलपति के साथ कुलसचिव विनोद कुमार सिंह, वित्त अधिकारी तथा विश्वविद्यालय के शिक्षक गण ने मातादीन, बल्लू राम, बांके मार्ग पर स्थित शहीद मार्ग पर  श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. राकेश यादव, डॉ. राज बहादुर यादव, डॉ. मनीष प्रताप सिंह, डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. श्याम कन्हैया सिंह, डॉ. शशिकांत यादव, डॉ. चंदन सिंह, डॉ. नितेश जायसवाल, डॉ. अनुराग मिश्रा, डॉ. अंकित सिंह, डॉ. रजित राम सोनकर, डॉ. अवधेश कुमार, तथा सुशील प्रजापति सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Monday, 4 August 2025

अंतरराष्ट्रीय वाणिज्य दिवस पर आयोजित हुए विविध कार्यक्रम

 वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रबंध अध्ययन संकाय में बीकॉम ऑनर्स एवं एमबीए बिजनेस इकोनॉमिक्स के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्य दिवस मनाया गया । उक्त के अवसर पर  विद्यार्थियों द्वारा रंगोली, पोस्टर, विज्ञापन, क्विज, वाद विवाद,भाषण आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं में प्रतिभाग किया गया। 
इस अवसर पर विभाग के आचार्य एवं भारतीय  वाणिज्य  संगठन के पूर्व  अधिशासी  उपाध्यक्ष  डॉ. मानस पांडे कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्य दिवस  व्यापार नवाचार रोजगार के माध्यम से अर्थव्यवस्था एवं रोजमर्रा के जीवन पर वाणिज्य के प्रभाव को स्वीकार करने का दिन है। इस अवसर पर डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने वैश्विक स्तर पर भारत के योगदान को रेखांकित किया । उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के विकास में भारत की महती सहभागिता के कारण कई देश आज भारत से व्यापार समझौते के लिए उत्सुक हैं। 
पोस्टर प्रतियोगिता में खुशी यादव ने प्रथम, अनुष्का प्रजापति ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया । रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार रूपाली एवं  उन्नति एवं द्वितीय स्थान पर सृष्टि रही । विज्ञापन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर कौशीकी एवं नबा रहे एवं द्वितीय स्थान पर शिवम एवं आदित्य रहे । 
फ्लायर डिजाइन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर विजयांश बैंकर एवं द्वितीय स्थान देवांश श्रीवास्तव को मिला ।
ब्लिट्ज क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्पिता,रिया  एवं  उज्जवला को मिला.  द्वितीय स्थान पर आदित्य, शिवम एवम हर्ष रहे । भाषण प्रतियोगिता में देवांश को प्रथम एवं फरहान को  द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ ।
इस अवसर पर निर्णायक मण्डल के साथ विभाग के सभी सदस्य जिसमे डॉ. सुशील, डॉ.  अंजनी मिश्र, डा. निशा,  प्रिंस एवं नितिन चौहान उपस्थित  रहे । धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राकेश उपाध्याय एवं  कार्यक्रम का संचालन दीपांजलि गुप्ता ने किया ।

वीबीएसपीयू को मिली एनसीसी की सौगात, युवाओं को मिलेगा सैन्य प्रशिक्षण का अवसर

160 कैडेट प्रतिवर्ष पाएंगे प्रशिक्षण

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वाञ्चल विश्वविद्यालय परिसर के विद्यार्थी अब राष्ट्रीय कैडेट कोर(एनसीसी)  से जुड़कर एकता और अनुशासन का पाठ सीखेंगे। विश्वविद्यालय परिसर को एन.सी.सी. निदेशालय, लखनऊ (यू.पी.)  के द्वारा वित्तपोषित योजना के अंतर्गत सीनियर डिवीजन श्रेणी में विद्यार्थियों  हेतु एक कंपनी आवंटित की गई है। इसमें प्रतिवर्ष  160 कैडेट प्रशिक्षण पायेंगे। यह विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।विश्वविद्यालय  में आयोजित कार्यक्रम में 98 यूपी  वाहिनी, एन.सी.सी., जौनपुर के स्थानापन्न कमान अधिकारी कर्नल आलोक धर्मराज सिंह द्वारा कुलपति प्रो. वंदना सिंह और कुलसचिव डॉ विनोद कुमार सिंह  को आधिकारिक पत्र को सौंपा। 

कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि अध्ययन के साथ विद्यार्थी राष्ट्रीय कैडेड कोर  से जुड़ते है तो अपने जीवन को और भी अनुशासित और व्यवस्थित बना सकते है । उन्होंने कहा कि बहुत सी नौकरियों में एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को वरीयता मिलने से परिसर के विद्यार्थी अपनी मेहनत और लगन से उच्च पदों को सुशोभित करेंगे । सी सर्टिफिकेट ए ग्रेड वालों को बिना लिखित परीक्षा के इंटरव्यू द्वारा सेना में अफसर बनने का भी सुनहरा अवसर मिलता है । अग्निवीर के लिए में सीधे शारीरिक परीक्षा ही होती है । इसके साथ ही अन्य आर्म्ड फोर्सेस में भी  बोनस अंक मिलते है ।

इस अवसर पर कर्नल आलोक धर्मराज सिंह द्वारा विश्वविद्यालय को एनसीसी आवंटन होने पर विश्वविद्यालय परिवार विशेषकर छात्रों को विशेष बधाई दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को आवंटित कंपनी 98 यूपी  वाहिनी, एन.सी.सी., जौनपुर के अंतर्गत कार्य करेगी।  इसमें विश्वविद्यालय परिसर के प्रथम वर्ष के स्नातक विद्यार्थी प्रवेश हेतु इसी शैक्षणिक वर्ष  से पंजीकरण करा सकते है ।   

कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने एन.सी.सी. के अधिकारियों का स्वागत किया एवं विश्वास दिलाया कि विश्वविद्यालय परिसर के विद्यार्थी पूरे मनोयोग से राष्ट्रीय कैडेट कोर से  जुड़ेंगे। 

ज्ञात हो कि विश्वविद्यालय में वर्तमान शैक्षणिक सत्र (2025-26) में प्रवेश लेने वाले समस्त स्नातक छात्र इसमें प्रवेश हेतु पंजीकरण के  लिए पात्र है । परिसर में पंजीकृत समस्त छात्रों के लिए  29 अगस्त, 2025 को विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में एनसीसी  चयन शिविर का आयोजन किया जायेगा । पंजीकरण हेतु फॉर्म दिनांक 05 अगस्त  से डीएसडब्ल्यू   कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है । कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय कैडेट कोर के प्रभारी डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रो. राज कुमार सोनी ने किया। 

इस अवसर पर प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. सौरभ पाल, प्रो. प्रमोद कुमार यादव, डीआर  अजीत सिंह, बबीता सिंह, एआर मुस्ताक अहमद, सूबेदार मेजर कृष्णपाल सिंह, निहाल सिंह थापा, बलबीर सिंह  समेत अन्य उपस्थित रहे।

 ----------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------
इनसेट

क्या है राष्ट्रीय कैडेट कोर ? 

राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), जिसे आमतौर पर एनसीसी के नाम से जाना जाता है, भविष्य में भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने के इच्छुक युवा छात्रों के लिए एक बेहतरीन रास्ता है । एनसीसी न केवल एक ऐसा मंच प्रदान करता है, जहाँ भारतीय रक्षा बल के इच्छुक उम्मीदवार रक्षा बलों में करियर शुरू करने से पहले अपनी क्षमताओं का परीक्षण कर सकते हैं, बल्कि भारतीय रक्षा बल परीक्षाओं में कई छूट भी प्रदान करता है.