Saturday, 23 October 2021

बेटी पैदा होने पर ढोल बजाकर स्वागत करें : कुलपति

पीयू में समूह की महिलाओं की हुई गोद भराई

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में शनिवार को महिला अध्ययन केंद्र  द्वारा गर्भ संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें  समूह की गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई गई।

इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर निर्मला एस. मौर्य ने कहा कि गर्भ में बच्चों की देखरेख मातृशक्ति जिस भाव से करती हैं वह सबसे कठिन कार्य है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं गर्भवती हो तो उन्हें पौष्टिक आहार लेना जरूरी है। मुख्य रूप से उन्हें हरी साग सब्जी का सेवन करना चाहिए। जैसा खाएंगे अन्न वैसा होगा मन की कहावत चरितार्थ है। उन्होंने कहा कि जिस मां को बेटी हो वह उनका स्वागत ढोल बजाकर करें।इंजीनियरिंग संकाय के संकायाध्यक्ष प्रोफ़ेसर बीबी तिवारी ने महिलाओं को शुभ आशीष दिया कहा कि मां की जगह कोई नहीं ले सकता।कार्यक्रम में शशिकांत त्रिपाठी एवं त्रिभुवन पांडेय ने वैदिक रीति से गर्भवती महिलाओं का गर्भ संस्कार पूर्ण कराया। उन्होंने संस्कार के मंत्रों का पाठ कर लोगों को संकल्प दिलाया। धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजक डॉ जान्हवी श्रीवास्तव ने किया।इस अवसर पर प्रो देवराज सिंह, डॉ मनोज मिश्र, एनएसएस समन्वयक डॉ राकेश कुमार यादव, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ सुनील कुमार,डॉ विनय वर्मा, शशिकांत यादव, डा धीरेन्द्र चौधरी, अन्नू त्यागी, डॉ. झांसी मिश्रा, डॉ.पूजा सक्सेना डॉ जया शुक्ला आदि शामिल थीं।

Friday, 22 October 2021

कोडिंग डिकोडिंग की व्यवस्था भ्रष्टाचार रोकने के लिए बनी: कुलपति

विद्यार्थियों से गुमराह नहीं होने की अपील


वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर निर्मला एस.मौर्य ने कहा कि मूल्यांकन में गड़बड़ी रोकने के लिए कोडिंग और डिकोडिंग की नई व्यवस्था की गई है। यह प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय मूल्यांकन व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में कुछ दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थी कोडिंग डिकोडिंग की नई व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, जो कि गलत है। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन से लेकर अंक पत्र बनाने तक की व्यवस्था में किसी प्रकार की गड़बड़ी और भ्रष्टाचार को  रोकने के लिए यह व्यवस्था बनाई गई है । इस पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों को लगता है कि उनके अंकपत्र में गड़बड़ी हुई है वह चुनौती मूल्यांकन करा सकते हैं। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखकर श्रेणी सुधार की परीक्षा भी शीघ्र कराने पर विचार कर रहा है। कुलपति प्रोफेसर मौर्य ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के हित के लिए है और किसी भी प्रकार उनका अहित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ छात्र संगठन एवं अन्य लोग उन्हें गुमराह करके विश्वविद्यालय में धरना प्रदर्शन के लिए ला रहे हैं जो कि गलत है और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ भी है । उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि  उनकी जो भी समस्या हो वह अपने महाविद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से भिजवायें। विश्वविद्यालय प्राथमिकता के आधार पर उसका समाधान करेगा।

Tuesday, 12 October 2021

बेटी को जन्म देने वाली माताओं का किया गया सम्मान

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर मिशन शक्ति ने की पहल

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य के निर्देश पर अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर मिशन शक्ति की समन्वयक डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिला महिला चिकित्सालय जौनपुर में उन माताओं को पुष्प,सेनिटरी पैड और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया जिन्होंने बेटियों को जन्म दिया था। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ राकेश कुमार यादव ने माताओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के साथ -साथ सुकन्या समृद्धि योजना सहित महिलाओं के कल्याण के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। रागिनी यादव, रंजना, रुखसार, शिवानी, मंजू आदि माताओं ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को ध्यानपूर्वक सुना।इस अवसर पर डॉ पूजा सक्सेना, डॉ वनिता सिंह, डॉ प्रियंका, डॉ पूनम एवं श्रीमती उर्वशी ,निरुपमा सिंह आदि मिशन शक्ति की पूरी टीम उपस्थित रही।

Monday, 11 October 2021

मोबाइल फ्राड से बचने की जानकारी दी गई


वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान के विश्वेश्वरैया हाल में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सोमवार को दूरसंचार जन जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला उमानाथ सिंह इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और भारत सरकार के दूरसंचार विभाग उत्तर प्रदेश पूर्व लखनऊ की ओर से आयोजित किया गया। 

इस मौके पर मुख्य वक्ता डायरेक्टर  दूरसंचार विभाग उत्तर प्रदेश (ईस्ट ) श्री नीतीश कटारिया  ने मोबाइल फ्रॉड से बचने के जानकारी के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि मोबाइल रेडिएशन का मानव शरीर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता है । इसी क्रम में असिस्टेंट डायरेक्टर, दूरसंचार विभाग लखनऊ श्री देवांशु शुक्ला ने कहा कि कैसे मोबाइल उपभोक्ता अनचाहे कॉल से बचे । उन्होंने बताया कि उपभोक्ता 1909 पर एसएमएस करके अनचाहे कॉल से छुटकारा पा सकता है । एडिशनल डायरेक्टर ,दूरसंचार विभाग श्री रविन्द्र वर्मा ने बताया कि अंतराष्ट्रीय अवैध कॉल से दूरसंचार विभाग को करोड़ों के राजस्व हानि का सामना करना पड़ता है। इन्होंने साइबर स्वच्छ केंद्र के बारे में कहा कि इसके माध्यम से हम अपने मोबाइल टूल्स में मौजूद वायरस को हटा सकते है । कार्यक्रम में एडिशनल डायरेक्टर दूरसंचार विभाग लखनऊ श्री प्रसून चंद्र, ने बताया की मोबाइल उपकरण से निकले इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रेडिएशन का हमारे शरीर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। श्री आर पी सिंह , ज्वाइंट डायरेक्टर,दूरसंचार विभाग ,लखनऊ ने  सरकार की पीएम वानी योजना के बारे में विस्तार से बताया । इसके बाद बच्चों का क्विज करवाया गया जिसमे उन्होंने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। क्विज सेशन में आंचल सिंह, हर्षवर्धन, स्वर्णिम मिश्र, सत्यार्थ शुक्ला, अम्बुज यादव को क्विज में पुरस्कार दिए गए।

इस कार्यक्रम में दूरसंचार विभाग लखनऊ से आए हुए अतिथियों का स्वागत डीन इंजीनियरिंग संकाय प्रो बी बी तिवारी  ने किया। उन्होंने कहा कि आज की कार्यशाला उपभोक्ताओं के लिए काफी लाभदायक और उपयोगी है। इसमें मोबाइल से संबंधित अन्य पहलुओं पर चर्चा की गई जिसकी जानकारी पूर्व में सभी उपभोक्ताओं के पास नहीं थी।

अंत में डा रवि प्रकाश ने धन्यवाद दिया।

इस मौके पर श्री प्रवीण सिंह, श्री शैलेश प्रजापति,श्री रीतेश बरनवाल, सुश्री पूनम सोनकर, श्री दीपक सिंह, श्री पी सी यादव,श्री सुधीर सिंह,श्री प्रीति शर्मा,श्री अजय मौर्य,श्री तुषार श्रीवास्तव, श्रीमती ज्योति सिंह, डा अनीश अंसारी  आदि विभाग के अन्य शिक्षक मौजूद रहे ।