Saturday, 28 April 2018

पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी - प्रो वंदना


पर्यावरण जागरूकता के लिए गोष्ठी है हुआ आयोजन 
पोस्टर प्रतियोगिता  में माइक्रोबायोलॉजी की प्रीति को प्रथम

 विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा शनिवार को पर्यावरण जागरूकता के लिए  गोष्ठी का आयोजन संकाय भवन के कांफ्रेंस हॉल में किया गया।   इसके साथ ही  पर्यावरण विज्ञान विभाग में पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।

 गोष्ठी में विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रोफेसर वंदना राय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक की नहीं वरन हम सभी की जिम्मेदारी है इसके संरक्षण के लिए आज एकजुट होने की आवश्यकता है।   उन्होंने कहा कि पर्यावरण से छेड़छाड़ से निकट भविष्य में विकट समस्या का सामना करना पड़ सकता है।  छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर अजय द्विवेदी ने कहा कि हमारा परंपरागत समाज पर्यावरण के प्रति बहुत संवेदनशील था लेकिन बदलते समय ने संवेदनशीलता को कम किया है।   उन्होंने कहा कि एक पौधा 10 संतानों के बराबर होता है।   इसी क्रम में बायो टेक्नोलॉजी के प्रोफेसर राजेश शर्मा ने कहा कि धरती व्यक्ति की सभी जरूरतों को पूरा कर सकती है परंतु मनुष्य की लालच को तृप्त नहीं कर सकती।  मनुष्य की लालच ने  पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाया है। 
 गोष्ठी में डॉक्टर प्रदीप कुमार एवं डॉक्टर विवेक पांडे ने भी अपने विचार व्यक्त किए।  गोष्ठी का संचालन पर्यावरण विज्ञान विभाग के शिक्षक डॉ कार्तिकेय शुक्ल ने किया।  पोस्टर प्रतियोगिता में विज्ञान संकाय के बायो टेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रतियोगिता में माइक्रोबायोलॉजी की प्रीति को प्रथम, पर्यावरण विज्ञान विभाग की श्रुति मिश्रा को द्वितीय एवं मिथिलेश  मिश्रा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।   विभिन्न गतिविधियों में डॉक्टर सुनील कुमार, डॉक्टर एस पी तिवारी, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ सुधांशु शेखर, डॉ प्रभाकर समेत विद्यार्थी मौजूद रहे।

Wednesday, 25 April 2018

जॉब फेयर का अंतिम परिणाम जारी, 561 विद्यार्थियों का चयन हुआ


पूर्वांचल विश्वविद्यालय में संपन्न हुए दो दिवसीय जॉब फेयर में विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं महाविद्यालय से आए 561 विद्यार्थियों का अंतिम चयन हुआ है। बुधवार को ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल की निदेशक प्रोफेसर रंजना प्रकाश द्वारा अंतिम परिणामों की सूची जारी की गई।
जॉब फेयर में 17  कंपनियों ने कैंपस प्लेसमेंट की प्रक्रिया पूरी की। जिसमें  भारत स्टार सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, मोबिलिटी, अरनव इन्फो  सॉफ्ट लिमिटेड, एनसीआर कॉरपोरेशन इंजीनियरिंग, कोहिनूर एग्रो, न्यूट्री लाइफ प्राइवेट लिमिटेड, चंदन हेल्थ केयर लिमिटेड, यूरेका फोर्ब्स, यूएसजी, जी एन एन, इंडिया मार्ट, कार्वी ग्रुप, भीलवारा समेत अन्य कंपनियों ने चयन किया । चयनित विद्यार्थियों को कंपनियों द्वारा ऑफर लेटर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Tuesday, 24 April 2018

जॉब फेयर में 500 विद्यार्थियों को मिला जॉब ऑफर

अंतिम परिणाम 25 अप्रैल को होगा जारी 
जॉब फेयर से विद्यार्थियों को मिली नई ऊर्जा - कुलपति 
 
विश्वविद्यालय में ट्रेनिंग में प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित जॉब फेयर में दूसरे दिन मंगलवार को विद्यार्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न कंपनियों द्वारा  साक्षात्कार प्रक्रिया संपन्न कराई गई। दो दिवसीय जॉब फेयर में देर शाम तक  लगभग 500 विद्यार्थियों का चयन हुआ। कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा देर शाम तक साक्षात्कार की प्रक्रिया जारी रही।अंतिम चयन परिणाम बुधवार को जारी किया जायेगा।
कुलपति प्रो डॉ राजाराम यादव ने विद्यार्थियों के चयन पर ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे विश्वविद्यालय के सभी विद्यार्थियों को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने प्लेसमेंट सेल की निदेशक प्रो रंजना प्रकाश एवं चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में प्लेसमेंट होने पर राजभवन लखनऊ ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।

जॉब फेयर की शुरूआत 23 अप्रैल को हुई थी। मंगलवार को एमबीए एवं बीटेक के 510 से अधिक विद्यार्थियों ने चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग किया। विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय जॉब फेयर में 1600 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। जॉब फेयर के दूसरे दिन इंडियामार्ट, अर्नव इन्फोसॉफ्ट, आथेंटिक इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड, भीलवारा इंफोटेक, कैलास इंजीनियरिंग, चंदन हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, एनसीआर कॉरपोरेशन एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार लिया गया।
दूसरे दिन कंपनी प्रतिनिधियों से इंजीनियरिंग संकाय अध्यक्ष प्रोफेसर अशोक कुमार श्रीवास्तव एवं प्लेसमेंट सेल की निदेशिका प्रोफेसर रंजना प्रकाश ने बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर बात की।
प्रोफेसर रंजना प्रकाश ने ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल की रिपोर्ट प्रस्तुत किया उन्होंने कहा कि इस सत्र में परिसर के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए थे जॉब फेयर के पूर्व आयोजित कैंपस प्लेसमेंट में 121 विद्यार्थियों का चयन पूर्व में हो चुका है। जॉब फेयर में 500 विद्यार्थियों के चयन का परिणाम अभी तक आया है।
इस अवसर पर प्रो अजय द्विवेदी, डॉ मनोज मिश्र, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ राजकुमार, डॉ संतोष कुमार,  डॉ अमरेंद्र सिंह, अनिल मौर्य, श्याम त्रिपाठी,  ऋषि सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

Monday, 23 April 2018

पीयू में जॉब फेयर 2018 हुआ आयोजन


जॉब फेयर में उमड़े विद्यार्थी, विश्वविद्यालय में पहली बार लगा जॉब फेयर
24 अप्रैल को  भी चलेगा जॉब फेयर
कुलपति ने फीता काटकर किया शुभारंभ

विश्वविद्यालय में ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जॉब फेयर 2018 का आयोजन किया गया । विश्वविद्यालय में पहली बार रोजगार के लिए इस तरह का वृहद् आयोजन किया गया है। जॉब फेयर का उद्घाटन कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर  राजाराम यादव एवं नई दिल्ली से आए भारत सरकार के पूर्व उप सचिव कृष्ण दत्त समाधिया  ने  किया।
अपने संबोधन में कुलपति प्रोफेसर डॉ राजाराम यादव ने कहा कि आज के दौर में पुरुषार्थ चतुष्ट्य में अर्थ महत्वपूर्ण हो गया है।  इस जॉब फेयर में जो विद्यार्थी भाग लेने आए हैं वह अपने भविष्य के प्रति सजग  हैं। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा देने के साथ-साथ बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ऐसे आयोजन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि  विद्यार्थी मन से अध्ययन करें ,विश्वविद्यालय उन्हें रोजगार मुहैया करने में आगे रहेगा।  कुलपति ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनसे विस्तार पूर्वक बातचीत की।
प्लेसमेंट सेल की निदेशक  प्रोफेसर रंजना प्रकाश ने कहा कि विश्वविद्यालय की छवि   शिक्षकों के साथ-साथ उसके विद्यार्थियों से भी होती है हमारे विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर हो इसलिए आज यह जॉब फेयर लगाया गया है।  जॉब फेयर 2018 में 1125 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया।  परिसर के इंजीनियरिंग, प्रबंधन , जनसंचार, फार्मेसी, व्यावहारिक मनोविज्ञान आदि विषयों के अतिरिक्त 20 महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी प्लेसमेंट प्रक्रिया में प्रतिभाग किया। मड़ियाहूं पीजी कालेज के विद्यार्थियों का उत्साह देखते  बनता था। जॉब फेयर के पहले दिन 17 कंपनियों के प्लेसमेंट प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने अपना कौशल दिखलाया, जिसमें भारत स्टार सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, मोबिलिटी, अरनव इन्फोसॉफ्ट, ऑथेंटिक इंफोसॉफ़्ट लिमिटेड, एनसीआर कॉरपोरेशन इंजीनियरिंग, कोहिनूर एग्रो, न्यूट्री लाइफ प्राइवेट लिमिटेड, चंदन हेल्थ केयर लिमिटेड, यूरेका फोर्ब्स, यूएसजी, जीएनएन, इंडिया मार्ट, कार्वी ग्रुप, ई जेड मूव्स  कंपनियां शामिल हुई।बीटेक एवं एमबीए के विद्यार्थियों के लिए 24 अप्रैल को भी कई कंपनियों द्वारा कैंपस चयन किया जाएगा। सोमवार को फॉर्मेसी, संकाय भवन, फॉर्मेसी, एम .बी.ए  और विश्वसरैया हॉल में देर शाम तक इंटरव्यू चला ।
जॉब फेयर में कंपनियों द्वारा लिखित परीक्षा समूह परिचर्चा एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया संपन्न कराई गई, जिसका परिणाम 24 अप्रैल को जारी किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी एम के सिंह और रंजनाप्रकाश ने कंपनियों के प्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मनित किया।
प्लेसमेंट  सेल के श्याम त्रिपाठी एवं ऋषि सिंह ने विभिन्न गतिविधियों का समन्वय किया।
 इस अवसर पर कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल प्रो बीवी तिवारी, प्रो अजय द्विवेदी, प्रो अशोक कुमार  श्रीवास्तव, प्रो मानस पांडेय, प्रो वंदना राय, प्रो राजेश शर्मा, प्रो बी डी शर्मा, डॉ मनोज मिश्रा, डॉ संतोष कुमार, डॉ राजकुमार सोनी, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ सुनील कुमार समेत तमाम लोग मौजूद थे ।