Saturday, 8 September 2018

त्यौहार प्रदूषण के लिए नहीं, खुशियों के लिए मनाएं -प्रोफेसर अर्चना


विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग के द्वारा संकाय  भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में उत्सव एवं प्रदूषण विषयक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। बतौर वक्ता अंबेडकर महाविद्यालय  दीक्षाभूमि, नागपुर की प्रोफेसर अर्चना मेश्राम  ने कहा कि त्योहारों को खुशियों के लिए मनाएं न कि प्रदूषण फैलाने के लिए।  अगली  पीढ़ी को साफ सुथरा पर्यावरण देना हमारा कर्तव्य है। हमारे देश में दीपावली के समय वायु प्रदूषण और और मूर्ति विसर्जन के कारण जल प्रदूषण की समस्या बड़े स्तर पर सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि पटाखे अशांति फैलाने के साथ तमाम प्रकार के रोगों का कारण बनते जा रहे हैं।  
उन्होंने कहा कि  त्यौहारों की उत्पत्ति  बहुत ही सात्विक तरीके से मनाये  जाने की सुनिश्चितता  थी । जिसमें मानवता  एवं प्रज्ञा शीलता की प्रधानता थी  परंतु  पाश्चात्य दर्शन के कारण  भारत जैसे देश में विभिन्न तरह की कुरीतियों का प्रादुर्भाव सहज देखने को मिल रहा है जिसमें त्यौहार की वास्तविकता अपने मूल रूप से परे हो गई है।  मंदिरों की घंटियां, अनेक वृक्षों का संरक्षण,अनेक नदियों का संरक्षण , हमारे त्यौहार की प्रमुखता रही है।  अपभ्रंश त्यौहार से  ध्वनि प्रदूषण  वायु प्रदूषण जल प्रदूषण मृदा प्रदूषण जैसी चीजों का सामना करना पड़  रहा है।  

उन्होंने महाराष्ट्र की सती व्रत कथा का उल्लेख करते हुए चिंता जाहिर की पहले महिलाएं बरगद के पेड़ को रक्षा बांधती  थी। आज बरगद की टहनियों को घरों में ले जाकर लोग पूजा कर रहीं  है।  स्वागत विज्ञान संकाय की अध्यक्ष प्रो वंदना राय एवं धन्यवाद डॉ सुधीर उपाध्याय ने व्यक्त किया।  इस अवसर पर प्रोफेसर विलासराव तभाने, डॉ प्रदीप कुमार, डॉ सुधांशु यादव, डॉ प्रभाकर समेत विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ0  विवेक कुमार पांडेय ने किया।

Friday, 7 September 2018

एनएसएस से कर सकते है सामाजिक परिवर्तन - कुलपति

 
कार्यक्रम अधिकारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 


जौनपुर. वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में शुक्रवार  को राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। 
उद्घाटन सत्र में कुलपति प्रोफेसर डॉ  राजाराम यादव ने कार्यक्रम अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से हम सामाजिक परिवर्तन ला सकते हैं। हम अपने आस-पास के गांव का चित्र बदलने की क्षमता रखते हैं।  उन्होंने कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों की चर्चा पूरे देश में है।  राज्य संपर्क अधिकारी डॉक्टर अंशुमाली शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम अधिकारियों को स्मार्ट बनने की जरूरत है। अपने स्वयं सेवक सेविकाओं में ऊर्जा का संचार करते रहे। क्षेत्रीय निदेशक डॉ अशोक कुमार श्रोती  ने राष्ट्रीय सेवा योजना के विविध आयामों पर अपनी बात रखी। वहीं  पूर्व राज्य संपर्क अधिकारी डॉ एस बी सिंह ने इकाई गठन से लेकर कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से संचालित करने के गुर सिखाए। 
साक्षरता निकेतन लखनऊ के पूर्व समन्वयक धर्म सिंह ने कहा कि राष्ट्र कोई एक सीमित भूखंड नहीं है। राष्ट्र में रहने वालों से ही राष्ट्र है। उठो जागो और श्रेष्ठता को प्राप्त करो।राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक राकेश यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए एनएसएस की गतिविधियों को विस्तार पूर्वक बताया।इसके साथ ही अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर जनपद के महाविद्यालयों के 200 से अधिक कार्यक्रम अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। 
कार्यक्रम का संचालन  डॉ अजय विक्रम सिंह ने किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल, वित्त अधिकारी एन के सिंह, डॉ मनोज मिश्र,  युवा अधिकारी अयोध्या प्रसाद,प्रशिक्षक नवनीत वर्मा,अमन, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ उदयभान यादव  समेत तमाम कार्यक्रम अधिकारी मौजूद रहे।  

पांच वर्षीय बीए एलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश इसी सत्र से


पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में प्रारम्भ होगा पाठ्यक्रम 


विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित पांच  वर्षीय बीए एलएलबी पाठ्यक्रम की शुरुआत इसी सत्र  से प्रस्तावित है। पाठ्यक्रम  की मान्यता के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय का दौरा किया। बार काउंसिल ऑफ इंडिया की तरफ से गठित छ सदस्यीय टीम के  चेयरमैन मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्याय मूर्ति वीरेंद्र दत्त ध्यानी रहे। कुलपति प्रोफेसर डॉ राजाराम यादव ने समिति के सभी सदस्यों का विश्वविद्यालय की तरफ से  स्वागत किया। उन्होंने टीम के सदस्यों को विश्वविद्यालय से जुड़ी तमाम जानकारियां दी। समिति ने संकाय भवन स्थित विधि संकाय के एक- एक कक्ष का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए।इसके साथ ही विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय का अवलोकन किया। जहां पाठ्यक्रम से सम्बंधित पुस्तकों, शोध पत्रिकाओं आदि की जानकारी हासिल की। पाठ्यक्रम के समन्वयक  प्रोफेसर अजय प्रताप सिंह ने समिति के सदस्यों को आवश्यक जानकारी दी। बार कॉउन्सिल ऑफ़ इंडिया से मान्यता मिलने के बाद विश्वविद्यालय इसी सत्र से पांच  वर्षीय बीए एलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित करेगा। पाठ्यक्रम के लिए 120 सीटें प्रस्तावित है। 

इस अवसर पर कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल, वित्त अधिकारी एम के सिंह,  प्रो मानस पांडेय, प्रो अजय द्विवेदी,प्रो अशोक कुमार  श्रीवास्तव,  डॉ मनोज मिश्र, डॉ सुरजीत यादव, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ राज कुमार सोनी, डॉ के एस  तोमर, डॉ पुनीत धवन ,डॉ मनीष गुप्ता, डॉ मनोज पांडेय, संजय श्रीवास्तव,अशोक सिंह ,संजय शर्मा ,श्याम श्रीवास्तव,सुशील प्रजापति  समेत तमाम लोग मौजूद  रहे। 

Wednesday, 5 September 2018

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस 

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न विभागों में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया।  भारत रत्न सर्वपल्ली राधाकृष्णन को शिक्षकों विद्यार्थियों ने नमन किया।
जनसंचार विभाग में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ परिसर में पौधरोपण किया। विभागाध्यक्ष डॉ मनोज मिश्र ने शिक्षक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि शिक्षकों का अस्तित्व ही विद्यार्थियों से है। विभाग के शिक्षक डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ  अवध बिहारी सिंह, डॉ रुश्दा आज़मी, डॉ सुनील कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। व्यावहारिक मनोविज्ञान विभाग अध्यक्ष प्रो अजय प्रताप सिंह ने भारत रत्न सर्वपल्ली राधाकृष्णन के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।संकाय भवन के कान्फ्रेंस हाल में बायो टेक्नोलॉजी विभाग के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संकाय अध्यक्ष प्रोफ़ेसर वंदना राय समेत विभाग के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। विभाग के विद्यार्थियों द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उमानाथ सिंह इंजीनियरिंग संस्थान एवं फार्मेसी संस्थान में भी विद्यार्थियों ने बड़े धूमधाम से शिक्षक दिवस मनाया। प्रो बी बी तिवारी ने इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विद्यार्थियों को सम्बोधित किया। फार्मेसी संस्थान में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह में स्वच्छता शपथ ग्रहण कराया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने केरला बाढ़ पीड़ितों के लिए धन एकत्रित भी किया। इंजीनियरिंग संकाय के अध्यक्ष प्रोफेसर ए के श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक एक मोमबत्ती के समान होता है जो पूरे समाज में रोशनी फैलाने का काम करता है। इस अवसर पर  डॉ राजकुमार, डॉ संतोष कुमार, डॉ अमरेंद्र सिंह, डॉ राजीव कुमार आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विनय वर्मा ने किया।