Thursday, 14 February 2019

पूर्व कुलपति प्रो सूंदर लाल ने दिया व्याख्यान


विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान स्थित विश्वेश्वरैया हाल में गुरुवार को 'नंबर फ्रॉम काउंटिंग टू  साइबर सिक्योरिटी' विषयक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।  इसमें विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर सुंदर लाल ने कहा कि  गणित के बारे में हमारे शास्त्रों में लिखा है कि जिस प्रकार मोर के सिर पर शिखा होती है, नाग के मस्तिष्क पर मणि  होती है उसी प्रकार सभी शास्त्रों में गणित सर्वोच्च स्थान पर है।  हमारे ऋषि-मुनियों की गणित के क्षेत्र में बहुत उपलब्धियां रही हैं।  उन्होंने 'पब्लिक की क्रिप्टोग्राफी' एवं इंक्रिप्शन पर विस्तार पूर्वक व्याख्यान दिया। व्याख्यान सुनने के लिए सभागार में भारी संख्या में विद्यार्थी आये और विषय सम्बंधित शंकाओं को दूर किया। पूर्व कुलपति प्रो सुंदर  लाल ने संचार युग में गणित के योगदान पर भी बात की।

 विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ राजाराम यादव ने अध्यक्षीय सम्बोधन में  कहा कि प्रोफेसर सुंदरलाल ने बड़े सरल तरीके से गणित विषय की  गूढ़ जानकारियां  दी है।  गणित विषयकी महत्ता  भौतिकी, कंप्यूटर एवं अन्य विषयों के लिए भी बहुत अधिक है। उन्होंने प्रोफेसर सुंदरलाल को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया।  कार्यक्रम का संचालन डॉ संतोष कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर ए के श्रीवास्तव ने किया।  इस अवसर पर प्रोफेसर अजय द्विवेदी, डॉ डॉ मनोज मिश्र, डॉ राजकुमार सोनी, राकेश यादव, डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ रजनीश भास्कर, डॉ अमरेंद्र सिंह, डॉ संजीव गंगवार समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

कुलपति ने भेंट की पुस्तक
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजाराम यादव से कुलपति कार्यालय में पूर्व कुलपति प्रोफेसर सुंदर लाल ने  शिष्टाचार मुलाकात की।  प्रोफेसर सुंदरलाल अपने कुलपति पद के कार्यकाल समाप्त होने के पश्चात पहली बार पूर्वांचल विश्वविद्यालय आए हुए हैं।  इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर राजाराम यादव ने विश्वविद्यालय की वार्षिक पत्रिका गतिमान एवं राज्यपाल की पुस्तक चरैवेति चरैवेति को प्रोफेसर सुंदरलाल को भेंट किया।

Saturday, 9 February 2019

खुश रहने के लिए न खोजे कारण - अनुराग

आर्ट आफ लिविंग के उत्तर प्रदेश युवा कार्यक्रम समन्वयक अनुराग सिंह ने कहा कि जीवन में खुश रहने के लिए किसी कारण की जरूरत नहीं पड़ती है।  खुशी हमारा स्वभाव है, खुशी हम कहीं बाहर से नहीं लाते, यह  हमारे भीतर ही  मौजूद रहती है। हमें स्थिति से परे होकर खुश रहना चाहिए।
उक्त बातें उन्होंने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग  संस्थान में चल रहे  स्टूडेंट एक्सीलेंस लर्निंग प्रोग्राम में शनिवार को कहीं। उन्होंने कहा कि हम अपनी खुशियों को इच्छाओं की पूर्ति से जोड़ दिए हैं जिसके पूरा होने पर हम खुश होते  हैं और जब एक इच्छा पूरी होती है तो पुनः मन  उदास हो जाता है। जो व्यक्ति सदैव खुश रहते है वो सकारात्मकता के साथ सदैव सृजन करते रहते है। उन्होंने कहा कि हम जो भी काम करें वो पुरे मनोयोग से करे। अधूरे मन से किये गए काम से वास्तविक संतुष्टि नहीं मिलती है। 
आर्ट आफ लिविंग की विशेषज्ञ निहारिका ने इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को सुदर्शन क्रिया के बारे बताया। उन्होंने कहा कि सुदर्शन क्रिया से  शरीर, मन और भावनाओं में सामंजस्य स्थापित किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने एकाग्रता और तनाव मुक्त तरीके से जीवन जीने के सूत्र बताये।  उन्होंने कहा कि हम दूसरे की बातों को सुनकर विचलित हो जाते हैं और वास्तविक रूप में जो करना है वह नहीं कर पाते।  हमें अपने अंतरात्मा की आवाज सुनना चाहिए और जो सही है उसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इसी क्रम में आर्ट आफ लिविंग के नेशनल फैकेल्टी अनूप ने भी विद्यार्थियों को जीवन जीने की कला सिखाई। कार्यशाला में  इंजीनियरिंग  संस्थान के विभिन्न विभागों के विद्यार्थीं प्रतिभाग किये। 

Saturday, 2 February 2019

रोवर्स रेंजर्स में सदैव बना रहता है सेवा का भाव - सुजीत


दो दिवसीय 28 वां अंतर महाविद्यालय रोवर रेंजर्स  समागम का हुआ आयोजन 
पहले दिन आयोजित हुई प्रतियोगिताएं 
विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार को दो दिवसीय 28 वां अंतर महाविद्यालय रोवर रेंजर्स  समागम की शुरुआत  हुई।  समागम में विभिन्न जनपदों के रोवर रेंजर्स की टीमों ने  प्रतिभाग किया।समागम की शुरुआत में महाविद्यालय की टीमों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी। पहले 
दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में बढ़ - चढ़ कर प्रस्तुति दी। 
समागम के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने कहा कि आज के दौर में सेवा भाव बनाए रखना सामान्य बात नहीं है।  रोवर रेंजर्स  से जुड़ने  वाले विद्यार्थियों के मन में जीवन पर्यंत सेवा का भाव बना रहता है।  यही सेवा का भाव रोवर्स रेंजर्स को अन्य विद्यार्थियों से सदैव अलग रखता है।  
बतौर विशिष्ट अतिथि सामाजिक अनुप्रयुक्त संकाय के अध्यक्ष डॉ मनोज मिश्र ने कहा कि रोवर्स रेंजर्स वसुधैव कुटुंबकम की प्राचीन अवधारणा को सार्थक सिद्ध कर रहे हैं।  उन्होंने कहा कि रोवर रेंजर्स  सर्वे भवंतु सुखीनः  के संवाहक है। समन्वयक डॉ जगदेव ने  स्वागत भाषण एवं समागम के  उद्देश्य पर प्रकाश डाला। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ मनराज यादव ने कहा कि हमें अपने पुराने मनीषियों विशेषकर गौतम बुद्ध के विचारों से सीख लेने की जरूरत है।  कहीं कहा गया है, कोई कह रहा है, उससे प्रभावित ना हो कर अपने अंतर्मन से सत्य क्या है उस पर कायम रहना चाहिए।  धन्यवाद ज्ञापन डॉ मनोज कुमार तिवारी ने किया।  पहले दिन वर्दी एवं मार्च पास्ट,पोस्टर, निबंध, क्विज, इको, रेस्टोरेशन, सैंड स्टोरी, हस्तशिल्प, नृत्य एवं समूह गीत, किम्स  गेम्स एवं रोल प्ले प्रतियोगिताएं आयोजित हुई।समागम के विभिन्न प्रतियोगिताओं में  19 टीमों के रोवर्स रेंजर्स ने  प्रतिभाग किया। सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त रविंद्र कौर, सुरेश प्रसाद तिवारी एवं प्रदीप गुप्ता ने रोवर्स रेंजर्स का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ घनश्याम दुबे ने एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ मनोज तिवारी ने किया।
इस अवसर पर डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ शशि मिश्रा, डॉ राकेश मिश्रा, डॉ सतीश  राय, डॉ आशीष उपाध्याय, डॉ शिव कुमार, डॉ प्रदीप कुमार समेत तमाम लोग मौजूद रहे। 

Friday, 1 February 2019

पूविवि के 63 विद्यार्थियों को मिला जॉब ऑफर

विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा 30 एवं 31 जनवरी को आयोजित दो दिवसीय कैंपस सलेक्शन में 63 विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा जॉब ऑफर मिला। इसमें  एमबीए, बी टेक, बी फार्मा, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी, पर्यावरण विज्ञान, बायो केमिस्ट्री, बायो टेक्नोलॉजी के साथ ही सम्बद्ध  महाविद्यालय के बीएससी के विद्यार्थी शामिल हुए। जिन्हें  4 लाख तक के वेतन का ऑफर मिला है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ राजाराम यादव ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी है और कहा कि विद्यार्थी जिस भी संस्था में जाएं पूर्ण मनोयोग से कार्य करें।
पुखराज हेल्थ केयर जालंधर के एचआर  जसविंदर सिंह एवं निदेशक सतनाम सिंह ने विज्ञान के 17 विद्यार्थियों का चयन किया। इसमें मोहम्मद हसन डिग्री कॉलेज के 2 विद्यार्थियों का भी चयन हुआ। जेबी क्लब के निदेशक अभिषेक अग्रवाल द्वारा 17  विद्यार्थियों को जॉब ऑफर दिया गया।  वहीं जस्ट डायल  के यूपी हेड प्रभांशु श्रीवास्तव ने एमबीए के 13 विद्यार्थियों को चयनित किया।  डूफेल हेल्थ केयर जयपुर के प्रबंधक अपलव सक्सेना द्वारा विज्ञान संकाय एवं फार्मेसी के 11 छात्रों को चयन किया गया। 
एक्वाट्रोनिक्स  सिस्टम दिल्ली के प्रमुख राहुल अरोरा एवं यूरोप के कंट्री हेड अनूप सिंह सोलंकी   द्वारा बीटेक के 5 छात्रों को चयनित किया गया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र अगर बढ़िया कार्य करेंगे तो उन्हें विदेशों में भी सेवा का मौका मिलेगा।
प्लेसमेंट सेल की निर्देशिका प्रोफेसर रंजना प्रकाश ने बताया कि विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों एवं उद्योगों की मांग के अनुरूप तैयार करने के लिए सेल द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसके सकारात्मक परिणाम आ रहे हैं। फरवरी माह में बड़े स्तर पर कंपनियों को रोजगार के लिए विश्वविद्यालय परिसर में आमंत्रित किया गया है।