Monday, 20 December 2021

रचनाकार अपने अंदर द्रष्टाभाव‌ भी रखे : राघवेश अस्थाना

मीडिया: वीडियो संपादन कला एवं रोजगार की संभावनाएं विषय पर हुई कार्यशाला

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के आर्यभट्ट सभागार में सोमवार को मीडिया: वीडियो संपादन कला एवं रोजगार की संभावनाएं विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य की प्रेरणा से किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जनसंचार विभाग और कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के सहयोग से किया गया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि सिनेमा की दुनिया में एक कुशल रणनीतिकार एवं वर्तमान में मितवा टीवी के प्रबंध निदेशक श्री राघवेश अस्थाना ने कहा कि एक रचनाकार को अपने अंदर द्रष्टाभाव‌ भी रखना चाहिए। संपादन व कला है जो दर्शक और पाठक को बांधे रखती है खासतौर से भावनाओं की एडिटिंग के समय इस मामले में काफी सतर्कता बरती जाती है अगर कहीं संपादन गलत हुआ तो अर्थ का अनर्थ हो जाता है। उन्होंने कहा कि अच्छा संपादक वो होता है जो कंटेंट में जान भर दे, इसलिए अक्सर संपादक का दर्जा व्यवहारिक तौर पर निर्देशक से बड़ा होता है, क्योंकि वह निर्देशक के कंटेंट को ही सुधार का प्रस्तुत करता है। उन्होंने छात्रों के सवालों का जवाब देकर उन्हें संतुष्ट किया।

इस अवसर पर मितवा टीवी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अविनाश राज ने कहा कि मीडिया में रोजगार के अवसर बहुत हैं। सफल वही है जो एंबीशन ( उद्देश्य) छोड़कर गोल (लक्ष्य )पर ध्यान रखता है। इसके लिए अपनी रूचि के अनुसार विषय का सेलेक्शन करना होगा। उन्होंने मार्केटिंग में सफलता के 3-सी सूत्र बताए। कहा कि पहले कस्टमर को कन्विंस करिए, फिर कन्फ्यूज और बाद में ना माने तो करप्ट कर दीजिए। कार्यशाला में ज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों को नौकरी के भी आफर दिए गए। इससे विद्यार्थियों में काफी खुशी का माहौल था।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रबंध अध्ययन संकाय के पूर्व संकाय अध्यक्ष प्रो. मानस पांडेय ने कहा किसी भी कला को सीखने के लिए उम्र को बाधक नहीं बनाना चाहिए हमें अगर आगे बढ़ना है तो हर नए काम में रूचि पैदा करनी होगी। इस अवसर पर स्वागत भाषण कार्यक्रम के आयोजन सचिव डॉक्टर संजीव गंगवार ने और अतिथियों का परिचय डॉ. अवध बिहारी सिंह और मनोज कुमार यादव ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रसिकेश ने और धन्यवाद ज्ञापन कार्यशाला के संयोजक डॉ. सुनील कुमार ने किया। कार्यक्रम में मितवा टीवी की प्रोडक्शन टीम के रोशन शशांक और आदर्श सिंह भी थे। इस अवसर पर प्रोफेसर देवराज सिंह प्रोफेसर अशोक कुमार श्रीवास्तव प्रोफेसर अजय द्विवेदी जी डॉ सुशील कुमार, डॉ धीरज चौधरी, डॉक्टर गिरिधर मिश्र, डॉ पुनीत धवन, डॉ. अशोक कुमार यादव, डॉक्टर दिव्यंदू, श्रीमती करुणा निराला, आनंद सिंह आदि उपस्थित थे।

Sunday, 19 December 2021

विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बायोटेक्नोलॉजी के डॉ. प्रदीप कुमार को फेलोशिप

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के बायो टेक्नोलॉजी विभाग के डॉ प्रदीप कुमार को विज्ञान के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए फेलोशिप प्रदान की गई। यह फेलोशिप वाराणसी के एक समारोह में इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर नोनी साइंस, आई सी ए आर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ वेजिटेबल रिसर्च वाराणसी और इंडियन सोसाइटी ऑफ वेजिटेबल साइंस द्वारा प्रदान की गई। 17 एवं 18 दिसंबर 2021 को आयोजित थर्ड वर्ल्ड नोनी कांग्रेस वाराणसी में हुई। इसमें वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी विभाग के डॉ. प्रदीप कुमार को उनके द्वारा विज्ञान के क्षेत्र में किये गए योगदान हेतु इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर नोनी साइंस की फेलोशिप प्रदान की गयी। यह पुरस्कार उन्हें कृषि विश्वविद्यालय फैजाबाद के पूर्व कुलपति प्रोफेसर कीर्ति सिंह द्वारा दिया गया।

डॉ प्रदीप कुमार की बायो टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 60 से भी अधिक शोध पत्र और कई पुस्तकें प्रकाशित है। लगभग 22 वर्षों से पूर्वी उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में फोलिक एसिड के महत्व पर जनता को वह लगातार जागरूक कर रहे है।
डॉ.प्रदीप कुमार के मुताबिक फोलिक एसिड हमारे शरीर के लिए बहुत जरूरी है। इससे हमारा पाचन अच्छा होता है और पेट संबंधी दिक्कतें कम होती हैं। कब्ज, जी मिचलाने और दस्त जैसी समस्याओं को दूर करने के लिए फोलिक एसिड युक्त फूड्स का इस्तेमाल किया जाता है। पूरे शरीर में ऑक्सीजन का संचार सुचारू ढंग से हो इसके लिए भी फोलिक एसिड की जरूरत होती है। अगर आपके शरीर में फोलिक एसिड की कमी है तो आपको कई परेशानियां हो सकती हैं। इसके निदान के लिए वह ग्रामीणों को हमेशा जागरुक करते रहे हैं।

Thursday, 16 December 2021

कैंपस सलेक्शन में पीयू के 10 छात्रों का चयन

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के केंद्रीय ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल में 14 ,15 व 16 दिसंबर को पुणे महाराष्ट्र स्थित कंपनी टेक्नोवेस वुड कोटिंग द्वारा कैंपस सलेक्शन का आयोजन किया गया। इसमें फाइनल रुप से 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया है।

लिखित परीक्षा में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 30, एमबीए के 29 एवं बीएससी / एमएससी केमिस्ट्री के 17 छात्र उत्तीर्ण हुए । लिखित परीक्षा के उपरांत 2 दिनों तक तीन चरणों में साक्षात्कार कंपनी द्वारा लिया गया ।  कंपनी की एचआर मैनेजर सुश्री अपूर्वा गुट्टे, टेक्निकल मैनेजर श्री गौरव अहूजा एवं कंपनी के एमडी श्री पंकज सिंह द्वारा बुधवार देर रात तक साक्षात्कार लेने के बाद गुरुवार को अंतिम चयनित छात्रों की सूची जारी की गई । अंतिम रूप से चयनित छात्रों में केमिस्ट्री विभाग के श्री वरुण सिंह, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग से शुभम यादव, आलोक कुमार त्रिपाठी, एवं ईश्वर शरण का चयन हुआ । एमबीए विभाग के 6 छात्र अंतिम चरण के लिए चयनित हुए हैं। कंपनी के एचआर मैनेजर ने बताया कि इनमें से 4 छात्रों को शीघ्र ही चयन पत्र प्रदान कर दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के 6 छात्रों का एक और चरण कंपनी ऑनलाइन माध्यम से आयोजित करेगी । केमेस्ट्री विभाग के दो छात्र बलवंत यादव एवं सुश्री फातिमा तथा मैकेनिकल इंजीनियरिंग से परवेज अंसारी का नाम प्रतीक्षा सूची में है । ट्रेनिंग प्लेसमेंट के समन्वयक डॉ. संदीप कुमार सिंह ने बताया कि कुलपति जी के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से कैंपस सेलेक्शन का आयोजन किया गया। पूरी चयन प्रक्रिया के दौरान  अंतिम रूप से चयनित छात्रों को कुलपति ने बधाई दी । डॉ सिंह ने कहा कि भविष्य में विश्वविद्यालय के 10 छात्र प्रति वर्ष इंटर्नशिप पर कंपनी में भेजे जाएंगे जिनके आने-जाने एवं रहने का खर्च कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि शीघ्र ही इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी से संबंधित कंपनियों को भी कैंपस के लिए बुलाया जा रहा है । कंपनी के अधिकारियों से प्राप्त फीडबैक छात्रों के साथ साझा करते हुए कहा कि छात्रों को अपनी कंप्यूटर दक्षता एवं भाषा दक्षता पर और अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है । प्लेसमेंट सेल इन विषयों से संबंधित कुछ विशेषज्ञों को ट्रेनिंग के लिए आमंत्रित करने जा रहा है । डॉ सिंह ने बताया कि जो छात्र चयनित नहीं हुए हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है शीघ्र ही उन्हें पुनः अवसर प्राप्त होंगे । कैंपस आयोजन में विभिन्न विभागों के प्राध्यापक डॉ हेमंत कुमार सिंह ,डॉ नितेश जयसवाल, डॉ दीप प्रकाश सिंह, डॉ कृष्ण कुमार यादव, डॉ अंकुश गौरव, डॉ नवीन चौरसिया, डॉ मोहम्मद रेहान डॉ सुबोध कुमार एवं सेल के कार्यालय प्रभारी श्री श्याम त्रिपाठी , श्री नितिन यादव, मनु मिश्रा एवं बीटेक तृतीय वर्ष के वॉलिंटियर्स छात्र आदर्श कुमार यादव, अमित कुमार यादव, शिवम मिश्रा ,सुनील कुमार सिंह, शशिकांत एवं राजेश प्रजापति आदि ने प्रतिभाग किया एवं आयोजन को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ।


Wednesday, 15 December 2021

देश की एकता के लिए समर्पित था सरदार पटेल का जीवन: कुलपति

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफ़ेसर निर्मला एस. मौर्य ने बुधवार को पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपना पूर्ण जीवन देश के एकीकरण में समर्पित कर दिया था। उनके प्रयासों के उपरांत  ही भारत का वर्तमान स्वरुप संभव हो सका है। देश हमेशा उनकी असाधारण सेवा, उनके प्रशासनिक कौशल और हमारे राष्ट्र को एकजुट करने के अथक प्रयासों के लिए उनका आभारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को उनके जीवन से सीख लेनी चाहिए।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक,अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
Attachments area