Sunday, 16 December 2018

गणतंत्र दिवस परेड 2019 हेतु राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थी हुए चयनित



 भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा गणतंत्र दिवस परेड 2019 के लिए  वीर बहादुर सिंह पूर्वान्चल विश्वविद्यालय जौनपुर के दो स्वयंसेवको का चयन किया गया है। चयनित स्वयंसेवक धीरज कुमार यादव विश्वविद्यालय से सम्बद्ध फरीदुलहक मेमोरियल डिग्र्री कालेज, सबरहद, शाहगंज,  का बी0काम0 अन्तिम वर्ष का एवं  तिलकधारी महिला महाविद्यालय  की बी0ए0-भाग दो में अध्ययनरत स्वयंसेविका ममता चौबे  का चयन प्रतीक्षा सूची में हुआ है। इस चयन पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 डॉ0 राजाराम यादव ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि  यह विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है।   मंगलवार को चयनित स्वयंसेवक एवं प्रतीक्षा सूची  में शामिल स्वयंसेविका को एनएसएस के समन्वयक राकेश यादव ने  बधाई देते हुए अपनी शुभकामनायें दी। 

Friday, 14 December 2018

डॉ० उपेन्द्र यादव को नीदरलैंड के न्यूरोसाइंस लेटर्स जर्नल द्वारा मिला सम्मान

एम्स्टर्डम नीदरलैंड से अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पब्लिशिंग ग्रुप एल्सेवियर द्वारा प्रकाशित जर्नल  ‘न्यूरोसाइंस लेटर्स’ द्वारा डॉ उपेंद्र यादव को  सर्टिफिकेट ऑफ़ आउटस्टैंडिंग कॉन्ट्रिब्यूशन इन रिव्यूइंग  सम्मान प्राप्त हुआ है। इस जर्नल में मस्तिष्क व तंत्रिका तंत्र के बनने व उससे सम्बंधित बीमारियों जैसे मस्तिष्क पक्षाघात, विकास संबंधी विकार, मस्तिष्क विकृति, मिरगी आदि से संबन्धित शोधपत्र प्रकाशित किये जाते हैं | इन शोधों की समीक्षा उस विषय से सम्बंधित विशेषज्ञों द्वारा की जाती हैं | विशेषज्ञ पैनल में शामिल डॉ० उपेन्द्र यादव   वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप  हैं |  डॉ० उपेन्द्र यादव ने अपनी एमएससी व पीएचडी वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से  की है | उन्होंने  अपना शोध कार्य जैव प्रौद्योगिकी विभाग में प्रो० वंदना राय के निर्देशन में किया था | वर्तमान में डॉ० उपेन्द्र यादव के 22 से अधिक शोधपत्र विभिन्न अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स  में प्रकाशित हो चुके हैं | वे  ह्यूमन मॉलिक्यूलर जेनेटिक्स लैब के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में लगातार मानव आनुवंशिकी के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं | वर्तमान में डॉ० उपेन्द्र यादव न्यूरोसाइंस लेटर्स के अलावा छह अन्य ख्यातिप्राप्त जर्नल्स  में भी शोधपत्रों की समीक्षा कर रहे हैं | इस सम्मान पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफ़ेसर डॉ राजाराम यादव,प्रो वंदना राय ,प्रो रामनारायण , डॉ प्रदीप कुमार ,डॉ मनोज मिश्र ने डॉ उपेंद्र यादव को बधाई दी है। 

Sunday, 9 December 2018

स्वच्छ भारत मिशन में महाविद्यालयों की हो भागीदारी

विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर अजय द्विवेदी ने सरकार द्वारा दिए गए निर्देश के  क्रम में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों को स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए पत्र भेजा है।
उत्तर प्रदेश शासन की अपर मुख्य सचिव डॉ अनीता भटनागर जैन द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि  प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपनी शीर्ष  प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में रखा है। इसमें  निर्देश दिया है स्वच्छ भारत मिशन में   विश्वविद्यालय और महाविद्यालय की भी भागीदारी सुनिश्चित हो। विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में साफ सफाई अभियान चलाया जाए।  विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के परिसर में एकत्रित हुए कूड़ों  का समुचित निस्तारण किया जाए, इसके साथ ही ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी स्वच्छता सतत बनी रहे। इस अभियान में जन सहभागिता सुनिश्चित हो. साथ ही साथ संगोष्ठी एवं रैली के आयोजन की बात की गई है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर अजय द्विवेदी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप महाविद्यालयों को इस संबंध में पत्र प्रेषित किया गया है और यह उम्मीद की गई है कि वह स्वच्छ भारत मिशन में अपनी महती भूमिका अदा करेंगे।

Saturday, 8 December 2018

सामुदायिक रेडियो से हो रहा है सामजिक परिवर्तन

विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग में शनिवार को सामुदायिक रेडियो विशेष विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। 
विशेष व्याख्यान में उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज के पत्रकारिता विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ साधना श्रीवास्तव ने कहा कि नव  माध्यम के तेजी से विस्तार के बावजूद बहुत सारे क्षेत्रों में सामुदायिक रेडियो आज भी सूचना का सशक्त माध्यम बना हुआ है।  आज दुनिया के तमाम देश सामुदायिक रेडियो के महत्व को बखूबी समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एफएम रेडियो की लोकप्रियता ने युवा को फिर से रेडियो से जोड़ दिया है।  एफएम रेडियो मनोरंजन पर केंद्रित है वही सामुदायिक रेडियो विशेष समुदाय को ध्यान में रखकर सूचना संप्रेषण करते हुए सामाजिक परिवर्तन का कारण बन रहे है।  स्वागत विभागाध्यक्ष डॉ मनोज मिश्र ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ दिग्विजय सिंह राठौर ने किया।  इस अवसर पर डॉ अवध बिहारी सिंह, डॉ सुनील कुमार, डॉ चंदन सिंह, डॉ रुश्दा आज़मी समेत  विभाग के विद्यार्थी मौजूद रहे।