Tuesday, 8 August 2023

खिलाड़ियों ने कुश्ती, तीरंदाजी और अन्य खेलों का किया प्रदर्शन

छात्रावास के कमरे, मेस का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से जाना हाल

पुरातन छात्रों और अभिभावकों के साथ विभिन्न मुद्दों पर किया संवाद

नैक पीयर टीम ने पुस्तकालय के पूरे सिस्टम को कंप्यूटर पर बैठकर देखा

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में नैक मूल्यांकन के लिए आई टीम ने एकलव्य स्टेडियम, इनडोर स्टेडियम की खेल सुविधा,  पुस्तकालय,  हेरिटेज आर्ट गैलरी, हेल्थ सेंटर, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र, छात्रावासों, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल, रज्जू भैया भौतिकी शोध एवं अध्ययन संस्थान, डीएसडब्ल्यू, इंजीनियरिंग के पावर सिस्टम प्रोटेक्शन लैब समेत अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में पुरातन छात्रों और अभिभावकों के साथ विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया।

मंगलवार की सुबह सबसे पहले टीम के सदस्य इनडोर स्टेडियम पहुंचे। स्टेडियम में पिछले पांच सालों में अर्जित किए ट्रॉफी, अवार्ड, शील्ड का अवलोकन किया। खिलाड़ियों ने कुश्ती, तीरंदाजी और अन्य खेलों का प्रदर्शन नैक पीयर टीम के समक्ष किया। एकलव्य स्टेडियम में टीम के सदस्यों को परंपरागत साफा बांधकर स्वागत किया गया। इस दौरान खेलकूद परिषद के अध्यक्ष और महामंत्री समेत सभी कर्मचारी शामिल थे। इसके बाद विवेकानंद केंद्रीय विश्वविद्यालय में पुस्तकालय का भ्रमण किया। मानद लाइब्रेरियन प्रो. मानस पांडेय ने लाइब्रेरी की मुख्य सुविधाओं के बारे में प्रकाश डाला। विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय में डॉ विद्युत मल ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से पुस्तकालय की सुविधाओं को टीम के सामने प्रस्तुत किया। नैक पीयर टीम के चेयरमैन ने कंप्यूटर पर खुद बैठकर ऑनलाइन किताबों और ऑनलाइन जर्नल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही केंद्रीय पुस्तकालय में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को टीम ने देखा। हेरिटेज गैलरी का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों के बारे में जानकारी हासिल की और राम मंदिर और अयोध्या के मॉडलों को मोबाइल में भी कैद किया।विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य भवन का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की बारीकी से जानकारी ली विश्वविद्यालय के चिकित्सक डॉ पुनीत सिंह ने टीम को सुविधाओं से अवगत कराया। ट्रेनिंग और प्लेसमेंट सेल में समन्वयक प्रो. प्रदीप कुमार प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रदान की जाने वाली सुविधाओं को बताया। डीएसडब्ल्यू ऑफिस में प्रो. अजय द्विवेदी ने पावर पॉइंट के माध्यम से सभी डाटा पेश किया। उन्होंने विद्यार्थियों को दी जाने वाली सुविधाओं के साथ-साथ 552 कॉलेजों के लिए बनाई गई भावी योजनाओं को भी बताया। रज्जू भैया भौतिकी शोध एवं अध्ययन संस्थान के हाईटेक उपकरणों का अवलोकन किया। साथ ही संस्थान में चल रही परियोजनाओं की भी जानकारी ली। इसके बाद आर्यभट्ट सभागार में कर्मचारियों और विद्यार्थियों से रूबरू हुई नैक पीयर टीम। टीम में मधुसूदन विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर कमलजीत सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम आई है। टीम के साथ प्रो. मानस पांडेय, प्रो. सुरजीत यादव, प्रो रजनीश भास्कर, प्रो. मुराद अली, डा. गिरधर मिश्र, डा. पुनीत धवन, डा. प्रवीण सिंह. डा. सुनील कुमार, डा. दिग्विजय सिंह राठौर, डा. धर्मेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।

चेयरमैन ने प्रशिक्षणार्थियो से ली जानकारी

कौशल विकास और प्रशिक्षण केंद्र में नैक पीयर टीम के अध्यक्ष प्रोफेसर कमलजीत सिंह ने प्रशिक्षण ले रहीं छात्राओं से विस्तार से जानकारी ली कि उन्हें क्या लाभ मिल रहा है? गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के कौशल विकास केंद्र में कम्प्यूटर प्रशिक्षण एवं सिलाई प्रशिक्षण में ग्रामीण क्षेत्र की अधिकतर महिलाएं लाभ ले रहीं है। उन्हें प्रशिक्षण के साथ-साथ प्लेसमेंट का भी दस्तावेज दिखाया गया। सेल के समन्वयक डॉ राजकुमार ने विस्तार से सभी गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

कल्चर कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बांधा समा

कई प्रदेश की लोक नृत्यों का छात्रों ने किया प्रस्तुतीकरण 

पीयू के छात्रों ने माईम कार्यक्रम के जरिए दिखाया देशप्रेम

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में सोमवार की देर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य एवं विश्वविद्यालय में आई नैक पीयर टीम ने दीप प्रज्जवलन के साथ किया। कार्यक्रम में कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शिव पार्वती नृत्य,  माईम,  समूह नृत्य,  गायन, भरतनाट्यम के साथ-साथ विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रदेश की संस्कृति को भी अपने प्रस्तुति में दिखाया। माईम प्रस्तुति में छात्रों ने देशभक्ति एक्ट प्ले करके लोगों को भावुक भी किया और एक जवान के शहीद होने पर उसके घर की स्थितियां क्या होती है,  इसको दिखाया। कार्यक्रम का संचालन हिदायत फात्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ अनु त्यागी ने किया। इस मौके पर कुलसचिव महेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी संजय कुमार राय,  परीक्षा नियंत्रक वीएन सिंह, उप कुलसचिव अमृतलाल, सहायक कुलसचिव बबिता, अजीत सिंह, दीपक सिंह, प्रो. बीबी तिवारी, प्रो. मानस पांडेय, प्रो. वंदना राय, प्रो. अजय द्विवेदी, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. मुराद अली, प्रो. रजनीश भास्कर, डॉ मनोज मिश्र, डॉ. राजकुमार, डॉ मनीष गुप्ता, डॉ सुनील कुमार, डॉ. प्रमोद कुमार यादव, डॉ रसिकेश, डॉ मनोज कुमार पांडेय, डॉ विनय वर्मा, डॉ. करुणा निराला, डॉ लक्ष्मी प्रसाद मौर्या, सहित विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहें।

Monday, 7 August 2023

नैक पीयर टीम ने परिसर के कई संकायों का किया निरीक्षण


विभागों में प्रजन्टेशन और एसएसआर में दाखिल दस्तावेजों को देखा
टीम ने संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष और शिक्षकों के साथ किया संवाद
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नैक मूल्यांकन के लिए मधुसूदन लॉ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 कमल जीत सिंह की अध्यक्षता में छह सदस्यीय टीम ने सोमवार को गहन निरीक्षण का  कार्य शुरू कर दिया। टीम सात, आठ और नौ अगस्त 2023 तक विश्वविद्यालय परिसर में अध्ययन, लैब, स्टूडियो समेत अन्य गतिविधियों, संसाधनों का निरीक्षण करेगी। साथ ही एसएसआर में विश्वविद्यालय की ओर से भरे गए तथ्यों का क्रैटेरियावाइज अवलोकन किया। 
वीडियो कान्फ्रेंसिंग हाल में सुबह टीम के समक्ष सबसे पहले विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य ने विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या और भावी योजनाओं का विस्तार से प्रस्तुतीकरण किया। कुलपति प्रो. मौर्य ने कहा कि सम्बद्ध महाविद्यालयों की समय से परीक्षा और उनका रिजल्ट घोषित करने में हमने बड़ी सफलता पाई है। शोध की गुणवत्ता के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया गया है। इसके परिणामस्वरूप एक दर्जन से अधिक शोध प्रोजेक्ट शिक्षकों को मिले। कुलपति के प्रस्तुतीकरण के बाद टीम ने कुलपति सभागार में संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष के साथ संवाद कर विश्वविद्यालय से जुड़ी अन्य जानकारियां भी ली। कुलपति सभागार में टीम ने संकायाध्यक्षों और विभागाध्यक्षों से संवाद किया उन्होंने उनसे परिसर के पाठ्यक्रमों और शोध के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी ली। प्रो बीबी तिवारी,  डॉ. अजय द्विवेदी और प्रो. मुराद अली ने इस द्विपक्षीय संवाद में अपनी बात रखी। शोध कार्य के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। आईक्यूएसी सेल के समन्वयक प्रो. मानस पांडेय ने टीम का स्वागत के साथ परिचय कराया। 
इसके बाद एक टीम इंजीनियरिंग संस्थान, प्रो. रज्जू भैय्या भौतिकी शोध संस्थान, विज्ञान संकाय में जनसंचार विभाग और विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों का विजिट किया और दूसरी टीम फार्मेसी संस्थान, दत्तोपंत ठेगड़ी विधि संस्थान के बाद व्यावहारिक मनोविज्ञान के साथ इन्क्यूबेशन सेंटर, कल्चरल क्लब का निरीक्षण किया। 
टीम में मधुसूदन विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर कमलजीत सिंह अध्यक्ष, सदस्य समन्वयक मणिपुर विश्वविद्यालय इंफाल के प्रोफेसर योगेन्द्रो सिंह, मिजोरम विश्वविद्यालय की प्रो जोकैथलोआँगी, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के प्रोफेसर चंदन गुप्ता,  गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार के प्रोफेसर संदीप जैन एवं जामिया मिलिया इस्लामिया नई दिल्ली के प्रोफेसर रविंद्र कुमार नैक पीयर टीम में विश्वविद्यालय आए हुए हैं। विभागाध्यक्षों ने टीम के सदस्यों को विभाग के शिक्षण, शोध  विद्यार्थियों एवं समस्त गतिविधियों के बारे में बताया। जनसंचार विभाग में विद्यार्थियों द्वारा निर्मित डाक्यूमेंट्री, खबरों, ब्लॉग पूरब बानी, फेसबुक पेज एवं विश्वविद्यालय के यू-ट्यूब चैनल के साथ स्टूडियों को देखा और तारीफ भी की। इसके पूर्व टीम का विश्वविद्यालय अतिथि गृह में औपचारिक स्वागत किया गया। दिनभर की गतिविधियों में कुलसचिव महेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी संजय कुमार राय,  परीक्षा नियंत्रक वीएन सिंह, उपकुलसचिव अमृतलाल, सहायक कुलसचिव अजीत सिंह, दीपक सिंह, बबिता सिंह, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. वंदना राय, प्रो. सुरजीत यादव, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. संदीप सिंह, डा. गिरधर मिश्र, डा. प्रवीण सिंह, डा. सुनील कुमार, डा. धर्मेद्र सिंह आदि रहे।

Tuesday, 1 August 2023

स्वच्छ पर्यावरण के लिए पेड़ जरूरी : प्रो. निर्मला एस. मौर्य


पीयू को नगरपालिका अध्यक्ष ने किया 150 पौध भेंट
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर की हरियाली के लिए कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य संकल्पित हैं। अक्सर वह समारोह में सरकार के पौधरोपण अभियान की प्रशंसा करतीं हैं। साथ में खुद भी इसके लिए प्रयासरत रहती हैं। उन्होंने पौध भिक्षा अभियान के तहत नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या से सावन महोत्सव में चर्चा की थी। नपा अध्यक्ष के निर्देश पर समाजसेवी विवेक मौर्य ने मंगलवार को विश्वविद्यालय को 150 पौधे भेंट किए। 
इस अवसर पर कुलपति ने नपा अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पेड़-पौधे लगाना अपने अच्छे भविष्य के निर्माण की नींव रखने के बराबर है, इसीलिए कहा जाता है वृक्ष है तो जीवन है। पेड़ पौधे हमारे जीवन को स्वच्छ तथा सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। पेड़- पौधे के माध्यम से ही हमारा पर्यावरण साफ व स्वच्छ दिखाई देता है। इतना ही नहीं पौधों के माध्यम से हमे कई आयुर्वेदिक औषधियां प्राप्त होती है, जिनका प्रयोग आप अपने इस्तेमाल के लिए कर सकते हैं। पौधारोपण पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन में सहायक साबित होता है। उन्होंने कहा कि पेड़ पौधे लगाने से हमारा वातावरण संतुलित होता है तथा जलवायु परिवर्तन भी ठीक होता है। गांव का जीवन पेड़-पौधे पर ही आश्रित है। यहां के लोग शहरी लोग की तुलना में काफी स्वस्थ पाए जाते हैं। समाजसेवी विवेक मौर्या द्वारा भेंट किए गए पौधों में जामुन, सागौन, नीम, आम, फॉक्सटेल पाम, बोतल पाम, बौगैनविलिया कामिनी, पीपल शामिल है l  इस अवसर पर कुलसचिव महेंद्र कुमार, वित्त अधिकारी संजय कुमार राय, प्रो. मानस पांडेय. प्रो. प्रदीप कुमार, सहायक कुलसचिव दीपक सिंह, डा. धर्मेंद्र सिंह, डा. विनय वर्मा, डॉ. राजीव कुमार, डा आलोक दास, डॉ झांसी मिश्रा समेत विभाग के शिक्षक मौजूद थे।