Thursday, 1 October 2026

भाषण प्रतियोगिता में अभिनव कीर्ति पांडेय प्रथम

मेरे सपनों का भारत” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

जौनपुर। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों के उपलक्ष्य में आयोजित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत कुलपति प्रो. आर. के. सिंह जी के दिशा-निर्देशन में 1 अक्टूबर 2026 को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में विश्वविद्यालय स्तरीय “मेरे सपनों का भारत” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय परिसर सहित संबद्ध महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए भारत के भविष्य, विकास, युवा शक्ति एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े अपने विचार प्रस्तुत किए।

 कार्यक्रम समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. शशिकांत यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने अतिथियों का स्वागत किया तथा “मेरे सपनों का भारत” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और युवाओं के सपनों, संकल्पों एवं सकारात्मक सोच से ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला तैयार होगी।

विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर की अभिनव कीर्ति पांडेय ने प्रथम स्थान, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय, बलूची, केराकत, जौनपुर की राधा गिरी ने द्वितीय स्थान तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया राजकीय महाविद्यालय, मुफ्तीगंज, जौनपुर के मनीष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इसी क्रम में गाजीपुर जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में समता पी.जी. कॉलेज की जागृति बरनवाल ने प्रथम स्थान, समता पी.जी. कॉलेज की शुभांगी चौबे ने द्वितीय स्थान तथा वासुदेव यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. अनुराग यादव, डॉ. अनुराग मिश्रा, डॉ. उदयभान यादव, डॉ. सूर्योदय भट्टाचार्य एवं डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने प्रतिभागियों के वक्तव्य, विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण, भाषा एवं अभिव्यक्ति के आधार पर मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सत्यम त्रिपाठी ने किया।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा के नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र द्विवेदी, डॉ. राम मनोहर लोहिया राजकीय महाविद्यालय, मुफ्तीगंज, जौनपुर के प्राचार्य प्रो. पीयूष वर्मा, समता पी.जी. कॉलेज के प्राचार्य सहित विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. अंकित राय, डॉ. राहुल राय, डॉ. विपुल यादव, डॉ. सोहन यादव, डॉ. अनामिका शुक्ला, डॉ. सोमरू राम, डॉ श्वेता पांडेय, डॉ अजय मौर्य, डॉ विशाल यादव, श्री अजीत कुमार यादव, श्री आदित्य जायसवाल एवं श्री अविनाश कुमार राय सहित विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।

Wednesday, 30 September 2026

लॉ इंस्टीट्यूट में 'संवैधानिक कानून' पर हुई क्विज़ प्रतियोगिता 35 टीमों ने लिया भाग



 जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय स्थित दत्तोपंत ठेंगड़ी लॉ इंस्टीट्यूट में बुधवार को भारतीय संविधान विषय पर एक भव्य क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर के विधि संस्थान में स्थित 'एस. पी. गुप्ता मेमोरियल लॉ लाइब्रेरी'  में संपन्न हुआ।
इस प्रतियोगिता में कुल 35 टीमों ने भाग लिया, जिसमें प्रत्येक टीम में 4-4 सदस्य शामिल थे। प्राथमिक चरण के बाद द्वितीय एवं फाइनल राउंड के लिए कुल 10 उत्कृष्ट टीमों ने क्वालीफाई किया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन संस्थान के निदेशक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता के कार्यक्रम समन्वयक सहायक प्राध्यापक श्री रविकेश कुमार मौर्या रहे। वहीं सह-समन्वयक की भूमिका श्री योगेश उत्तम, डॉ. आश्रया दुबे, डॉ. शुभम सिंह एवं डॉ. विपिन कुमार सिंह ने निभाई। इस अवसर पर दत्तोपंत ठेंगड़ी लॉ इंस्टीट्यूट के सभी सम्मानित प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

नवाचार से स्टार्टअप और उद्यमिता की ओर बढ़ें विद्यार्थी : प्रो. अविनाश

 राष्ट्रीय इनोवेशन एवं उत्तर प्रदेश इनोवेशन चैलेंज विषय पर हुआ ओरिएंटेशन कार्यक्रम 
 जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज एवं उत्तर प्रदेश इनोवेशन चैलेंज विषय पर ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, स्टार्टअप, उद्यमिता एवं सामाजिक प्रभाव आधारित विचारों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें इनोवेशन चैलेंज में भागीदारी के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना था।
   कार्यक्रम में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विद्यालय के इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर के कार्यकारी निदेशक प्रो. अविनाश पाथर्डीकर ने विद्यार्थियों को इनोवेशन की अवधारणा, नवाचार की प्रक्रिया तथा किसी समस्या की पहचान कर उसके प्रभावी एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करने के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एक अच्छे विचार को व्यवस्थित तरीके से विकसित कर प्रोटोटाइप में परिवर्तित किया जा सकता है और आगे चलकर उसे उत्पाद अथवा सेवा के रूप में स्टार्टअप का स्वरूप दिया जा सकता है।
   प्रो. पाथर्डीकर ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप की संभावनाओं, बिजनेस मॉडल तैयार करने, मेंटरशिप एवं इनक्यूबेशन की भूमिका तकनीकी विकास, फंडिंग तथा उद्यमिता के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहकर अपने ज्ञान और रचनात्मक सोच के माध्यम से रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने आसपास की सामाजिक, पर्यावरणीय, तकनीकी एवं स्थानीय समस्याओं को पहचानें और उनके नवीन, टिकाऊ एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े स्टार्टअप की शुरुआत एक छोटी लेकिन प्रभावी समस्या के समाधान से हो सकती है।
   कार्यक्रम के सह-संयोजक डॉ. नितेश जायसवाल ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश इनोवेशन चैलेंज की प्रक्रिया, पात्रता, आवेदन एवं आइडिया प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को चैलेंज में भाग लेने, अपने नवाचारी विचारों को प्रस्तुत करने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
   कार्यक्रम के अंत में प्रो. रजनीश भास्कर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर निदेशक, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल प्रो. प्रदीप कुमार एवं डॉ. सुशील कुमार  सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं संस्थानों के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
   इस कार्यक्रम के लिए 396 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण किया था, जिसमें से 101 विद्यार्थियों ने अपने विचार ऑनलाइन प्रस्तुत किए थे।

हर क्षेत्र में बढ़ रही है एआई की संभावनाः डॉ. अनुश्री अग्रवाल


200 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया ऑनलाइन प्रशिक्षण
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय तथा आई ट्रिपल ई स्टूडेंट ब्रांच, यूएनएसआईईटी के संयुक्त तत्वावधान में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में एआई एवं एमएल लर्निंग सीरीज के प्रथम व्याख्यान का  आनलाइन आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग की मूल बातें” रहा। ऑनलाइन आयोजित इस व्याख्यान में विभिन्न पाठ्यक्रमों के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की विशेषज्ञ वक्ता डॉ. अनुश्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग की मूल अवधारणाओं, उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों तथा जेनरेटिव एआई के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में एआई और मशीन लर्निंग केवल तकनीकी विषय नहीं रह गए हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, मीडिया, प्रशासन और शोध सहित विभिन्न क्षेत्रों में इनके उपयोग की संभावनाएं निरंतर बढ़ रही हैं।
डॉ. अनुश्री अग्रवाल सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग एवं एप्लाइड मशीन लर्निंग के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाली शिक्षाविद एवं तकनीकी विशेषज्ञ हैं। उन्होंने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में एम.टेक. तथा इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फॉर विमेन से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने विद्यार्थियों को एआई आधारित कौशल विकसित करने, व्यावहारिक परियोजनाओं पर कार्य करने तथा नवीन तकनीकों के प्रति निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनाने के लिए प्रेरित किया। एआई एवं एमएल लर्निंग सीरीज का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग की आधारभूत अवधारणाओं से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता तथा प्रोजेक्ट डेवलपमेंट के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आई ट्रिपल ई स्टूडेंट ब्रांच के सदस्यों एवं आयोजन टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।