Wednesday, 12 August 2026

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव: शिवेंद्र प्रताप


नशे को नहीं—नए सपनों को चुनें, निष्क्रियता को नहीं—नए भारत को चुनें: शिवेंद्र प्रताप सिंह 

पीयू में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम का आयोजन

जौनपुर। 12 अगस्त 2026 को क्षेत्रीय निदेशालय, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं विश्वविद्यालय द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त परिसर एवं सामाजबके संयुक्त तत्वावधान में विकसित भारत युवा कनेक्ट (VBYCP-2026) के अंतर्गत “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम माननीय कुलपति प्रो. वंदना सिंह के संरक्षकत्व में रज्जू भैया संस्थान स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूथ आइकॉन श्री शिवेंद्र प्रताप सिंह तथा नशा मुक्त वॉरियर श्री त्रिलोकीनाथ गुप्ता रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम् के गायन, मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। डॉ. शशिकांत यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य प्रस्तुत किया। युवा अधिकारी श्री तन्मय मोहन ने स्वयंसेवकों को माई भारत के संबंध में जानकारी दी। इसके पश्चात माई भारत गीत एवं विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग पर आधारित चलचित्र प्रदर्शित किया गया।

मुख्य अतिथि श्री शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि “भारत की युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं।” उन्होंने कहा कि नशे की लत युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, मानसिक क्षमता, परिवार एवं सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालती है। युवाओं को नशे से दूर रहने, साथियों के दबाव का विरोध करने तथा नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को अपमानित करने के बजाय उपचार एवं परामर्श के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि “नशे को नहीं—नए सपनों को चुनें, निष्क्रियता को नहीं—नए भारत को चुनें।” उन्होंने युवाओं से खेल, योग, कौशल विकास एवं सकारात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में विकसित भारत @2047 के विजन पर भी चर्चा हुई। आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना, सतत विकास, महिला नेतृत्व वाला विकास, विनिर्माण एवं MSME, अंतरिक्ष एवं नवाचार, रक्षा आत्मनिर्भरता तथा भारत की वैश्विक भूमिका जैसे विषयों पर युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया गया।

इस अवसर पर श्री त्रिलोकीनाथ गुप्ता, नशा मुक्त वारियर ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सकारात्मक एवं रचनात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर युवाओं एवं उपस्थित शिक्षकों को ऑफलाइन एवं ऑनलाइन नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय द्वारा चलाए जा रहे  हर घर तिरंगा अभियान- 2026 के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान के समन्वयक डॉ मनोज कुमार पाण्डेय एवं मुख्य अतिथि के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन एनसीसी एवं एनएसएस के छात्रों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का संचालन यूथ वालंटियर श्री अभिनव कीर्ति पांडेय, समन्वय डॉ. शशिकांत यादव एवं धन्यवाद ज्ञापन नशा मुक्त परिसर एवं समाज के समन्वयक डॉ मनोज कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. देवराज सिंह, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार यादव, सुमित सिंह , अर्पिता यादव, सिद्धार्थ सिंह, शिवम गुप्ता, उदय प्रताप सिंह, हर्ष चतुर्वेदी, यश एवं  सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।

No comments:

Post a Comment