Thursday, 5 February 2026

औद्योगिक पाइपिंग, एआई वर्कशॉप से विद्यार्थियों को मिली नयी दिशा

जौनपुर |   वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय  के केंद्रीय प्रशिक्षण नियुक्ति सेल (सीटीपीसी) ने छात्रों की तकनीकी कुशलता सशक्तिकरण हेतु सॉफ्टकैन भारत निजी लिमिटेड के सहयोग से दो दिवसीय विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया।  
प्रथम कार्यशाला औद्योगिक पाइपिंग-व्यवस्था आरेखण पर केंद्रित रही, जिसमें परिष्करणागार, ऊर्जा संयंत्र, रासायनिक, जल-अपशिष्ट जल तथा खाद्य उद्योगों की पाइपिंग डिजाइन पर गहन चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने पाइपिंग-घटकों, सामग्री चयन, मार्ग-दर्शन सिद्धांत, सुरक्षा मापदंड, अंतरराष्ट्रीय संहिताएँ, संयंत्र आरेखण, तनाव विश्लेषण तथा सहारा प्रणालियों जैसे विषयों पर प्रकाश डाला। त्रिविमीय आरेखण सॉफ्टवेयरों (जैसे आटोडेस्क रेवित, एवेवा पीडीएमएस, एसपी३डी तथा एवेवा ई३डी) पर व्यावहारिक प्रशिक्षण में टकराव-शोधन प्रक्रिया भी शामिल की गई।  

द्वितीय कार्यशाला कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा यंत्र-अध्ययन पर आयोजित हुई, जहाँ सहायक तकनीकी प्रमुख अभिषेक रजन् ने पर्यवेक्षित, अनुपयवेक्षित तथा सुदृढ़ीकरण अध्ययन की संकल्पनाओं का परिचय कराया। उन्होंने पायथन, आंकड़ा-विज्ञान तथा एमएलओप्स कुशलताओं पर बल देते हुए स्वास्थ्य-सेवा, वित्त, कृषि व शिक्षा क्षेत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की वृद्धि तथा २०२६ को 'कारक कृत्रिम बुद्धिमत्ता का वर्ष' घोषित कर छात्रों को प्रेरित किया।  

सीटीपीसी निदेशक प्रोफेसर प्रदीप कुमार ने कहा, "विश्वविद्यालय छात्रों को रोजगारोन्मुखी बनाने हेतु विशेषज्ञ कार्यशालाएँ निरंतर आयोजित कर रहा है। विज्ञान, कला, प्रबंधन व औषधि संकायों हेतु ऐसी पहलें जारी रहेंगी।" कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुशील कुमार ने किया। डॉ. दीप प्रकाश सिंह, डॉ. अंकुश, शांत त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।

Tuesday, 3 February 2026

शिक्षक और अधिकारियों ने सीखी एआई की बारीकियां


पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 'AI मंथन' का विस्तार
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति के निर्देशन में बुधवार को विश्वविद्यालय के विश्वेश्वरैया सभागार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय पर एक दिवसीय ‘हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग’ सत्र का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की माननीय कुलाधिपति महोदया की प्रेरणा से लखनऊ में आयोजित ‘एआई मंथन 2026’ की सीख को विश्वविद्यालय स्तर पर लागू करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
कुलपति प्रो. वंदना सिंह के निर्देशन में इस कार्यशाला में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में आधुनिक तकनीक के समावेश पर बल दिया। कार्यक्रम की शुरुआत में इंजीनियरिंग संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की और बताया कि किस प्रकार एआई भविष्य की शिक्षा व्यवस्था का आधार बनने जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञ डॉ. दिलीप यादव और डॉ. सुनील यादव ने प्रतिभागियों को एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उनकी समस्याओं का समाधान किया। 
इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया (Admission Process) को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए विकसित किए जा रहे ‘एआई चैटबॉट’ का प्रस्तुतीकरण किया गया। यह चैटबॉट इंजीनियरिंग संकाय के संकायाध्यक्ष और कंप्यूटर साइंस के विभागाध्यक्ष के कुशल मार्गदर्शन में तैयार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में छात्र-छात्राओं को प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सुगमता होगी।
कार्यशाला का संचालन डॉ. दिव्येंदु मिश्र और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विक्रांत भटेजा ने किया। इस गौरवमयी अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव केश लाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद सिंह और वित्त अधिकारी आत्मधर प्रकाश द्विवेदी, प्रो. अविनाश पाथर्डिकर, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. अशोक श्रीवास्तव, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. संतोष कुमार, प्रो. अजय प्रताप सिंह, डॉ. अमरेंद्र सिंह, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. चंदन सिंह, डॉ. अनुराग सिंह और डॉ. ज्ञानेंद्र पाल सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्रोफेसर एवं शिक्षक गण उपस्थित रहे।

Monday, 2 February 2026

उद्योग-अकादमिक तालमेल से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर: प्रो. प्रदीप कुमार

पीयू में एसएनजे टोयोटा ने लिया साक्षात्कार 
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 'केन्द्रीय प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल' (CTPC) में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और स्वावलंबन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 'रोजगार अवसर कार्यक्रम' का मंगलवार को आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी एसएनजे टोयोटा ने विश्वविद्यालय के स्नातक एवं परास्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थियों का साक्षात्कार कर उन्हें 'सेल्स ऑफिसर' पद के लिए चयनित किया।
चयन प्रक्रिया का नेतृत्व कर रहीं एसएनजे टोयोटा, जौनपुर की ग्रुप हेड (मानव संसाधन) सारिका सिंह ने बताया कि ऑटोमोबाइल सेक्टर में युवाओं के लिए करियर की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य केवल रोजगार देना ही नहीं, बल्कि युवाओं को उद्योग की आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। भविष्य में भी ऐसे आयोजन विश्वविद्यालय के साथ मिलकर किए जाएंगे।"
सीटीपीसी परिसर में आयोजित इस साक्षात्कार प्रक्रिया में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की संवाद क्षमता (Communication Skills), बाजार की समझ और ग्राहक सेवा कौशल का सूक्ष्मता से मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम के समापन पर सीटीपीसी के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार ने एसएनजे टोयोटा की टीम का आभार प्रकट किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार प्रयासरत है कि विद्यार्थियों को कैंपस से ही प्रतिष्ठित संस्थानों में नियुक्ति मिल सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच ऐसा जीवंत सहयोग प्लेसमेंट तंत्र को और अधिक सशक्त बनाता है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डॉ. नितेश जायसवाल, डॉ. सुशील कुमार,  श्याम त्रिपाठी सहित छात्र सदस्य दिव्यांशु, संजय, रुद्रांश चतुर्वेदी, श्रेया मिश्रा और गौरव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Saturday, 31 January 2026

पीयू में बजट का सजीव प्रसारण वीसी की अध्यक्षता में समिति ने देखा

अनुसंधान, नवाचार के नए रोडमैप पर चर्चा के लिए समिति गठित

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने माननीय कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल जी के निर्देशों के क्रम में केंद्रीय बजट 2026-27 के गहन अध्ययन हेतु एक विशेष समिति का गठन किया है। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट और आगामी बजट के प्रावधानों का विश्लेषण करने के उद्देश्य से गठित इस समिति ने रविवार को कुलपति प्रो. वंदना सिंह की अध्यक्षता में बजट का सजीव प्रसारण देखा और विश्वविद्यालय की भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत विमर्श किया।
बजट के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 अनुसंधान, नवाचार और उन्नत प्रौद्योगिकी को भारत के आर्थिक विकास की आधारशिला के रूप में स्थापित करता है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए बताया कि बजट में सेमीकंडक्टर, जैव-प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल अनुसंधान को विशेष प्राथमिकता दी गई है। प्रो. सिंह ने विस्तार से जानकारी दी कि इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के लिए आवंटित ₹40,000 करोड़ से चिप निर्माण और सामग्री अनुसंधान में तेजी आएगी, जिससे उद्योग-शैक्षणिक सहयोग के नए द्वार खुलेंगे।
चर्चा को आगे बढ़ाते हुए कुलपति ने बताया कि स्वास्थ्य और जीवन विज्ञान में 'बायोफार्मा शक्ति' योजना के तहत अगले पांच वर्षों में होने वाला ₹10,000 करोड़ का निवेश शोधार्थियों के लिए बड़े अवसर पैदा करेगा। उन्होंने जोर दिया कि विश्वविद्यालय अब एआई और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से लैब-टू-मार्केट अनुसंधान को गति देने पर ध्यान केंद्रित करेगा। साथ ही चिकित्सा, अनुप्रयुक्त मनोविज्ञान एवं योग जैसे विषयों में अनुसंधान को सशक्त बनाया जाएगा। प्रो. सिंह ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय पहले से ही नवीकरणीय ऊर्जा एवं जल अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में सक्रिय है और अब सरकारी प्राथमिकताओं के अनुरूप इन क्षेत्रों में और अधिक प्रभावी योगदान देने की तैयारी है।
समिति का मुख्य उद्देश्य बजट के उन सभी पहलुओं की पहचान कर एक समेकित रिपोर्ट तैयार करना है, जो उच्च शिक्षा और अनुसंधान के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर सकें। यह रिपोर्ट भविष्य में छात्रहित की योजनाओं और नीतिगत ढांचे के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर प्रो. सौरभ पाल, डॉ. विक्रांत भटेजा, डॉ. धीरेन्द्र चौधरी, डॉ. काजल डे, डॉ. रमांशु प्रताप सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।