जौनपुर: वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 19 सितंबर 2026 को 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रोफेसर राज कुमार के कुशल नेतृत्व में मैकेनिकल एवं आईटी (IT) ब्रांच के प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित श्री विश्वेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण के समीप पेड़-पौधों की देखभाल व सेवा की, साथ ही व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। छात्र-छात्राओं ने इस पहल के माध्यम से समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया कि पर्यावरण की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है, और इसी के बल पर हम सशक्त व 'विकसित भारत' का निर्माण कर सकते हैं।
माननीय कुलपति प्रोफेसर राकेश कुमार सिंह द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को समझें और वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि “आने वाला भारत युवाओं का भारत है और इसमें युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है।”
संयोजक एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. प्रमोद कुमार यादव तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) संयोजक डॉ. शशिकांत यादव: दोनों वक्ताओं ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव जागरूक रहने की प्रेरणा दी। साथ ही, उन्होंने युवाओं को नशा जैसी सामाजिक बुराइयों व दुर्व्यसनों से दूर रहकर एक स्वस्थ व सशक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।