Friday, 13 February 2026

साक्षात्कार के लिए छात्रों में आत्मविश्वास जरूरीः प्रो. वंदना सिंह

सकारात्मक सोच और प्रभावी प्रस्तुति से ही खुलते हैं कॉरपोरेट के द्वार: विनोद मिश्रा
 सफल साक्षात्कार के लिए बताए चार मंत्र-  विभव मिश्रा
 पीयू में 'अकादमिक-उद्योग संवाद' का आयोजन
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल  के तत्वावधान में शुक्रवार को आर्यभट्ट सभागार में ‘अकादमिक-उद्योग संवाद’  का आयोजन किया गया। “साक्षात्कार कैसे दें: कौशल, तैयारी और आत्मविश्वास” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कॉरपोरेट जगत की चुनौतियों का सामना करने और साक्षात्कार  में सफलता पाने के गुर सिखाए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) के वैज्ञानिक अधिकारी श्री विनोद कुमार मिश्रा ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि साक्षात्कार में अभ्यर्थी के ज्ञान और कौशल के प्रदर्शन में भाषा कभी बाधक नहीं होती। उन्होंने कहा, "साक्षात्कार लेने वाले की अपेक्षा होती है कि अभ्यर्थी अपने ज्ञान को कम समय में सटीक रूप से प्रस्तुत करे, ताकि आपसी बातचीत  के लिए अधिक समय मिल सके और व्यक्तित्व का सही आकलन हो सके।" उन्होंने जोर देकर कहा कि सफलता के लिए अपने कौशल को प्रभावी ढंग से व्यक्त करना सबसे जरूरी है। 
कार्यक्रम की संरक्षक और विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। कुलपति ने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन भविष्य में भी छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए ऐसे आयोजन करता रहेगा।

कार्यक्रम के विशिष्ट वक्ता, मर्सिडीज-बेंज (कनाडा) के सीनियर आईटी बिजनेस कंसल्टेंट और अमेज़न के पूर्व प्रोग्राम मैनेजर श्री विभव मिश्रा ने अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभवों को साझा किया। उन्होंने छात्रों को चार महत्वपूर्ण टिप्स दिए: साक्षात्कार के लिए चयन कैसे सुनिश्चित करें? चयन के बाद की तैयारी और प्रदर्शन। साक्षात्कार के बाद भविष्य की रणनीति। सकारात्मक सोच के साथ योजना बनाना। श्री विभव ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी दक्षता के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास भी अत्यंत आवश्यक है।
इससे पूर्व, कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. वंदना सिंह द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। विश्वविद्यालय की छात्राओं ने सुमधुर स्वर में 'पूर्वांचल गीत' की प्रस्तुति देकर सभागार का वातावरण भावपूर्ण बना दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने विशेषज्ञों से सीधा संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन उप-समन्वयक डॉ. नितेश जायसवाल ने किया। इस अवसर पर प्रो. प्रमोद कुमार यादव, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. रजनीश भास्कर, डॉ. रसिकेश, सुशील कुमार, डॉ. अनु त्यागी, डॉ. द्विव्येंदु मिश्र ,डॉ. राजन तिवारी, डॉ विशाल यादव, डॉ राजन तिवारी, मनोज यादव, श्यामजी त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Wednesday, 11 February 2026

नैतिक मूल्य और सामाजिक समरसता जरूरी: कुलपति प्रो. वंदना सिंह


पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
जौनपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के संकाय भवन स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार के अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘एकात्म मानववाद’ भारतीय चिंतन की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समन्वित विकास की परिकल्पना प्रस्तुत की। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालयों का दायित्व केवल शैक्षणिक उन्नयन तक सीमित नहीं है, बल्कि नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी सुदृढ़ करना है। उन्होंने आह्वान किया कि हम सभी उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारें।
वित्त अधिकारी आत्म प्रकाश धर द्विवेदी ने अपने वक्तव्य में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने आर्थिक दृष्टि से अंत्योदय और आत्मनिर्भरता पर विशेष बल दिया। वहीं परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय का जीवन अनुशासन, संगठन और राष्ट्र समर्पण का आदर्श उदाहरण है।
इस अवसर पर प्रोफेसर अजय प्रताप सिंह, प्रोफेसर राजेश शर्मा, प्रोफेसर मनोज मिश्र, प्रोफेसर हरिओम त्रिपाठी, प्रोफेसर गिरधर मिश्रा, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. वनिता सिंह, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. अंकित कुमार सिंह, डॉ. ममता सिंह, डॉ. निलेश कुमार सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। शोधपीठ के सदस्य डॉ. अनुराग मिश्र ने सभी का आभार प्रकट किया।

Monday, 9 February 2026

एआई का जिम्मेदार उपयोग जरूरी: सेफर इंटरनेट डे पर विशेषज्ञों का संदेश


विश्वविद्यालय के साइबर क्लब द्वारा हुआ आयोजन 
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के संकाय भवन में साइबर क्लब के तत्वावधान में सेफर इंटरनेट डे 2026 के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम स्मार्ट टेक, सुरक्षित निर्णय — एआई का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग रही। कार्यक्रम में आधुनिक डिजिटल युग में बढ़ते ऑनलाइन जोखिमों तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के सुरक्षित एवं जिम्मेदार प्रयोग पर विशेष चर्चा की गई।
कार्यक्रम में वैलनेस सेंटर के समन्वयक प्रो. अजय प्रताप सिंह ने कहा कि बौद्धिक क्षमताओं के विकास के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता का असंतुलित उपयोग खतरनाक हो सकता है। उन्होंने कहा कि जहाँ एक ओर इंटरनेट ने जीवन के अनेक आयामों को सहज और सुविधाजनक बनाया है, वहीं एआई ने कई नई चुनौतियों और समस्याओं को भी जन्म दिया है।
ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार ने कहा कि एआई का प्रयोग जीवन में बेहतरी के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज नई और पुरानी दोनों पीढ़ियाँ एआई से प्रभावित हो रही हैं, ऐसे में सजगता और जिम्मेदार व्यवहार अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता इंजीनियरिंग संस्थान के डॉ. द्विवेंदु मिश्र ने सेफर इंटरनेट डे की थीम पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि इंटरनेट पर लगभग 90 प्रतिशत सुरक्षा हमारी “गुड प्रैक्टिसेज़” पर निर्भर करती है, इसलिए सभी को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हम इंटरनेट का उपयोग करते हैं तो हम बहुत-सा डेटा साइबर स्पेस में छोड़ते हैं, ऐसे में सुरक्षा के उपायों से परिचित होना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि आम व्यक्ति का डिजिटल व्यवहार निरंतर साइबर स्पेस में विश्लेषित किया जा रहा है और उसी आधार पर उसे लक्षित किया जाता है।
डॉ. मिश्र ने जोर देते हुए कहा कि एआई और इंटरनेट का उपयोग रचनात्मक, शैक्षणिक और सकारात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाना चाहिए, ताकि तकनीक मानव जीवन को बेहतर बना सके। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा एआई सुरक्षा एवं डीपफेक जागरूकता, वॉइस क्लोनिंग एवं फिशिंग स्कैम, पासवर्ड व मोबाइल सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव तथा जिम्मेदार एआई प्रथाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का विषय-प्रवर्तन एवं संचालन साइबर क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर  ने किया। वहीं अतिथियों का स्वागत डॉ. सत्यम उपाध्याय एवं धन्यवाद सह-नोडल अधिकारी डॉ. अन्नू  त्यागी ने किया। इस अवसर पर विभिन्न संकायों के विद्यार्थी उपस्थित रहे.

इंजीनियरिंग के छात्र का अमेजन में हुआ चयन



जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान में बीटेक की पढ़ाई कर रहे छात्र आदित्य तिवारी को अमेजन कंपनी की तरफ से जॉब ऑफर दिया गया।
बलिया जिले के रहने वाले छात्र आदित्य तिवारी पहले भी कई प्रोजेक्ट में कार्य कर चुके हैं। आदित्य वर्तमान में विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। वह कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष के छात्र हैं। आदित्य को यह जॉब ऑफर ऑफ कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से अमेजन कंपनी ने दिया है। अमेजन ने इनका पांच राउंड का इंटरव्यू लिया तथा इनकी तकनीकी दक्षता को देखते हुए इनको यह जॉब का ऑफर दिया।  इसके पहले भी आदित्य का चयन आईबीएम कंपनी में इंटर्नशिप के लिए हुआ था। वर्तमान में आदित्य विश्वविद्यालय में चल रही आई ट्रिपल ई  स्टूडेंट ब्रांच का चेयर भी हैं। आदित्य ने अपनी सफलता के लिए अपने शिक्षकों और विभागाध्यक्ष के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया। इंजीनियरिंग संस्थान के संकायाध्यक्ष प्रो सौरभ पाल, कंप्यूटर साइंस के विभागाध्यक्ष डॉ विक्रांत भटेजा ने आदित्य को शुभकामनाएं दिया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो वंदना सिंह ने इस सफलता पर विभाग के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन के लिए सराहना करते हुए आदित्य को शुभकामनाएं दी।