Friday 8 November 2019

अल्ट्रासोनिक्स एवं पदार्थ विज्ञान विषयक तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 16 नवम्बर से



 कैंसर तथा  शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में  नवीनतम शोधों पर दुनियाभर  के वैज्ञानिक करेंगे मंथन

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 16 से 18 नवंबर तक अत्याधुनिक तकनीक के लिए अल्ट्रासोनिक्स एवं पदार्थ विज्ञान विषयक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश-विदेश के 300 वैज्ञानिक, शिक्षाविद  एवं शोधार्थी प्रतिभाग कर रहे है।   विश्वविद्यालय में पहली बार  इतने बड़े पैमाने पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा  रहा है। यह सम्मेलन राष्ट्रीय भौतिकी प्रयोगशाला, अल्ट्रासोनिक सोसाइटी ऑफ इंडिया, नई दिल्ली एवं प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया ) भौतिकीय विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान पीयू  के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित  है। संस्थान के  निदेशक डॉ प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सम्मेलन में अत्याधुनिक तकनीक  के विकास में अल्ट्रासोनिक एवं पदार्थ विज्ञान के  योगदान पर विशेष शोध पत्र प्रस्तुत किये जायेंगे। अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी के संयोजक डॉ गिरिधर मिश्र ने बताया कि फिजियोथेरपी, कैंसर के निदान और शल्य चिकित्सा में अल्ट्रासोनिक का अनुप्रयोग होता है। इसे मानव कल्याण के लिए और  प्रभावी कैसे बनाया जाय इस पर  वैज्ञानिक एवं शोधार्थी गंभीर चिंतन करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इन विषयों पर शोध  कर रहे ख्यातिलब्ध वैज्ञानिक अपने अनुसंधानों से एक दूसरे  को परिचित कराएंगे तथा  इन शोध परिणामों को  प्रभावी बनाये जाने के  साथ   बायोमेडिकल साइंसेज और  नैनो विज्ञान आदि  के समसामयिक उपयोगों तथा उपायों पर भी चर्चा करेंगे । इस  तीन दिवसीय सम्मेलन में देश के सभी  राज्यों और विदेश से  यूके , फ्रांस, अमेरिका और नेपाल आदि देशों के वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में इन तीन दिनों में छह समानांतर सत्र एवं 60 विशेष व्याख्यान  आयोजित होंगे। तीन सौ से अधिक शोध पत्र प्रकाशन हेतु अभी तक प्राप्त हो चुके हैं।  विश्वविद्यालय पूरी गर्मजोशी के साथ इस वृहद् आयोजन की  सफलता हेतु  जुटा  हुआ है। 
सम्मेलन के सफल सञ्चालन  के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ राजाराम यादव ने समिति का गठन किया है। इसमें अध्यक्ष  प्रोफेसर बीबी तिवारी, सह अध्यक्ष डॉ देवराज सिंह तथा डॉ राजकुमार, संयोजक डॉ गिरिधर मिश्र एवं आयोजन सचिव डॉ पुनीत धवन है।

No comments:

Post a Comment